पंजाब में बड़ा रेल हादसा! अमृतसर से जा रही यात्रियों से भरी ट्रेन के डिब्बों में लगी आग
पटियाला/राजपुरा। पंजाब में शुक्रवार को एक बड़ा रेल हादसा सामने आया। अमृतसर से रवाना हुई यात्रियों से भरी ट्रेन के कई डिब्बों में अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठती देख यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रेन के चार डिब्बे आग की चपेट में आए। घटना के बाद ट्रेन को रुकवाया गया और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने की कार्रवाई की गई। मौके पर राहत एवं बचाव दल और दमकल विभाग की टीमें पहुंचीं।
आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। रेलवे की ओर से घटना की जांच की जा रही है।
----
-कोई जानी नुकसान नहीं; स्थानीय निवासियों, सिविल एवं पुलिस प्रशासन तथा अग्निशमन विभाग की टीमों के संयुक्त प्रयासों से आग पर पाया गया काबू : डॉ. हिमांशु अग्रवाल
-कहा, अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी जा रही ट्रेन के सुरक्षित बचाए गए यात्रियों को रेलवे ने दूसरी ट्रेन से किया रवाना
सराय बंजारा (राजपुरा, पटियाला), 6 नवंबर:(सुशील सिंधी)
पटियाला के उपायुक्त डॉ. हिमांशु अग्रवाल और एसएसपी हरमंदीप हांस ने आज दोपहर अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी जा रही भारतीय रेलवे की ट्रेन के कुछ डिब्बों में राजपुरा-अंबाला-दिल्ली रेल मार्ग पर सराय बंजारा रेलवे स्टेशन के निकट आग लगने की घटना का मौके पर पहुंचकर जायजा लिया।
उपायुक्त ने बताया कि इस घटना में किसी भी प्रकार के जानी नुकसान से बचाव रहा और जिला प्रशासन ने यात्रियों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाने के लिए पूरी मुस्तैदी से काम किया। यात्रियों के स्वास्थ्य की जांच के लिए सराय बंजारा रेलवे स्टेशन पर डॉक्टरों की टीम तैनात की गई।
डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने घटना का विवरण साझा करते हुए बताया कि गांव सराय बंजारा के निवासियों ने तत्काल तत्परता दिखाई और सिविल प्रशासन, पुलिस, अग्निशमन विभाग तथा रेलवे की टीमों के संयुक्त प्रयासों से आग पर काबू पाया गया। उन्होंने कहा कि सभी टीमों और स्थानीय लोगों के साहस, हिम्मत और टीम भावना के चलते एक बड़ा हादसा टल गया तथा सभी यात्री सुरक्षित हैं। उन्होंने रेलवे की सराहना करते हुए कहा कि ट्रेन में सवार सुरक्षित बचाए गए यात्रियों को रेलवे द्वारा उनके गंतव्य स्टेशनों के लिए रवाना कर दिया गया है। उन्होंने यात्रियों के परिजनों से अपील की कि वे किसी प्रकार की चिंता न करें।
उपायुक्त ने बताया कि दोपहर करीब 1.30 बजे घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम राजपुरा रविंदर सिंह, एसपी बिक्रम बराड़, डीएसपी मनजीत सिंह सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आपातकालीन सेवाओं और अस्पतालों को अलर्ट कर दिया। उन्होंने इस मुश्किल घड़ी में स्थानीय निवासियों तथा विभिन्न विभागों की टीमों द्वारा दिखाए गए साहस और सहयोग की सराहना करते हुए सभी का धन्यवाद किया।
एसएसपी हरमंदीप हांस ने बताया कि राजपुरा के एसपी और डीएसपी सहित जीआरपी तथा रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीमें मौके पर पहुंचकर तुरंत राहत एवं बचाव कार्यों में जुट गई थीं। उन्होंने कहा कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
उत्तर रेलवे के अंबाला मंडल के मंडल रेल प्रबंधक विनोद भाटिया ने रेलवे के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ घटनास्थल का दौरा करते हुए बताया कि ट्रेन में करीब 1500 यात्री सफर कर रहे थे। उन्होंने बताया कि आग लगने का पता चलते ही रेलवे के सुरक्षा तंत्र को सक्रिय कर दिया गया तथा लोको पायलट, गार्ड और अन्य कर्मचारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आग प्रभावित डिब्बे को बाकी डिब्बों से अलग कर दिया।
विनोद भाटिया ने बताया कि आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत फॉरेंसिक जांच करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ट्रैक के दोनों ओर रेल यातायात रोक दिया गया था, ताकि कोई भी यात्री घबराहट में डिब्बों से बाहर न कूदे। अब आग प्रभावित डिब्बों को ट्रैक से हटाने और रेल यातायात बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
फोटो कैप्शन: पटियाला के उपायुक्त डॉ. हिमांशु अग्रवाल सराय बंजारा रेलवे ट्रैक पर ट्रेन में आग लगने की घटना का जायजा लेते हुए। उनके साथ एसएसपी हरमंदीप हांस और अन्य अधिकारी भी दिखाई दे रहे हैं।