*48वीं समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए सख्त दिशा-निर्देश*
*डेयरियों से गोबर की समस्या और औद्योगिक प्रदूषण पर जताई चिंता*
*नगर निगम पर 9 करोड़ 32 लाख रुपये का पर्यावरणीय जुर्माना लगना गंभीर चिंता का विषय*
लुधियाना, (विशाल):-: पवित्र बुड्ढा दरिया को प्रदूषण मुक्त करने के लिए किए जा रहे प्रयासों के तहत आयोजित 48वीं समीक्षा बैठक के दौरान पर्यावरण प्रेमी एवं राज्यसभा सदस्य संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने दृढ़ संकल्प और पूरे आत्मविश्वास के साथ कहा कि लुधियाना प्रशासन, विभिन्न विभागों के अधिकारियों और आम लोगों के संयुक्त सहयोग से पवित्र बुड्ढा दरिया को पूरी तरह प्रदूषण मुक्त किया जाएगा।
लुधियाना जिले के नवनियुक्त डिप्टी कमिश्नर हिमांशु अग्रवाल और विभिन्न विभागों के नए अधिकारियों के साथ पहली बैठक में संत सीचेवाल ने जहां सभी अधिकारियों का स्वागत किया, वहीं बुड्ढा दरिया की सफाई के कार्य में और तेजी लाने की अपील भी की। संत सीचेवाल ने कहा कि दरिया की सफाई के लिए काफी काम हो चुका है और अब इसमें स्वच्छ पानी की व्यवस्था की जा रही है, ताकि जलीय जीवों की दोबारा वापसी सुनिश्चित हो सके।
बैठक के दौरान दोनों डेयरी कॉम्प्लेक्सों से गोबर उठाने के मामले पर गंभीरता से चर्चा की गई। नगर निगम के निगरान इंजीनियर ने बताया कि पहले के मुकाबले डेयरियों से गोबर उठाने की मात्रा में वृद्धि हुई है, लेकिन यह समस्या अभी पूरी तरह हल नहीं हुई है। संत सीचेवाल ने ताजपुर और हैबोवाल डेयरी कॉम्प्लेक्सों में गोबर के निपटारे के लिए 22 करोड़ रुपये से अधिक के जारी टेंडर का जिक्र करते हुए कहा कि 11 महीने बीतने को हैं, लेकिन अभी भी पूरा गोबर नहीं उठाया जा रहा, बल्कि उसे पानी के साथ बहाया जा रहा है, जिससे पानी की बर्बादी भी हो रही है।
उन्होंने बताया कि 1 जनवरी 2021 से 14 नवंबर 2024 तक एसटीपी और ईटीपी पर 9 करोड़ रुपये से अधिक का पर्यावरणीय जुर्माना लगाया जाना चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपये के पर्यावरणीय जुर्माने लगाए जाने के बावजूद प्रदूषण की समस्या का लगातार बने रहना बेहद गंभीर मामला है।
बैठक में शहर के सभी सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांटों की कार्यप्रणाली की रिपोर्ट मांगी गई। इसके साथ ही औद्योगिक इकाइयों द्वारा बिना शोधित पानी सीवरेज और दरिया में छोड़े जाने के मामलों को रोकने के लिए गठित संयुक्त टीम के पिछले महीने के कामकाज की रिपोर्ट भी पेश करने के निर्देश दिए गए।
संत सीचेवाल ने दरिया के किनारों पर हुए अवैध कब्जों को हटाने और वहां लगे कूड़े के ढेरों को उठवाने पर भी जोर दिया। उन्होंने बताया कि गांवों के गंदे पानी को शोधित करने के लिए स्थापित किए गए सीचेवाल मॉडल सफलतापूर्वक काम कर रहे हैं और अब केवल गौंसपुर में इसका काम बाकी है।
उल्लेखनीय है कि बुड्ढा दरिया की सफाई के संबंध में अब तक पंजाब के माननीय राज्यपाल श्री गुलाब चंद कटारिया के साथ 7 बैठकें, मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के साथ 2 उच्चस्तरीय बैठकें और स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. रवजोत सिंह के साथ लगभग 9 बैठकें हो चुकी हैं। इस प्रकार बुड्ढा दरिया की सफाई को लेकर अब तक कुल 66 बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं।