लुधियाना के नए पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह आईपीएस ने संभाला कार्यभार, बोले - नशा और अपराध पर होगा जीरो टॉलरेंस, अब नहीं चलेगी कोई सिफारिश
Nov28,2026
| Jagrati Lahar Bureau | Ludhiana
लुधियाना 28 नवंबर (पारस दानिया): लुधियाना पुलिस कमिश्नरेट को नया कप्तान मिल गया है। IPS सतिंदर सिंह ने शनिवार को पुलिस कमिश्नर, लुधियाना का कार्यभार संभाल लिया है। कमिश्नरेट पहुंचते ही अधिकारियों और पुलिस टीम ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान पुलिस की टुकड़ी ने उन्हें औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर दिया। कार्यभार संभालते ही CP सतिंदर सिंह ने साफ कर दिया कि लुधियाना में अब नशा तस्करों और अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं होगी।
CM और DGP के स्पष्ट निर्देश
मीडिया से बातचीत में पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने कहा कि "मुख्यमंत्री और DGP साहिब की ओर से स्पष्ट निर्देश हैं - पंजाब को नशा मुक्त और अपराध मुक्त बनाना है। मेरी सबसे बड़ी प्राथमिकता नशा तस्करी पर सख्त कार्रवाई और अपराध पर जीरो टॉलरेंस की नीति रहेगी।" उन्होंने कहा कि लुधियाना पुलिस की टीम पहले से ही बेहतर काम कर रही है। अब सभी अधिकारी और जवान मिलकर पूरी क्षमता से काम करेंगे, ताकि शहर को नशा और अपराध मुक्त बनाने की दिशा में ठोस नतीजे सामने आएं।
जनता के सहयोग से बनेगा सुरक्षित लुधियाना
CP ने कहा कि पंजाब पुलिस का कुर्बानियों से भरा इतिहास रहा है। पुलिस के जवानों ने शहादत देकर पंजाब से आतंकवाद को खत्म करने में अहम भूमिका निभाई थी। आज भी पुलिस अपने कर्तव्य से पीछे नहीं हटेगी।
आगे सीपी ने कहा "पुलिस के पास अनुभवी अधिकारी और काबिल जवान हैं। जनता का सहयोग मिलेगा तो कानून-व्यवस्था और मजबूत होगी। मेरा प्रयास रहेगा कि शहर का हर नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस करे और पुलिस पर उसका भरोसा कायम रहे।"
थानों में होगा सुधार, सिर्फ आश्वासन नहीं, रिजल्ट देंगे
थानों में पुलिस बल की तैनाती और आगामी कार्ययोजना को लेकर पूछे गए सवाल पर सतिंदर सिंह ने कहा कि कार्यभार संभाले अभी कुछ ही समय हुआ है, इसलिए पहले व्यवस्थाओं को समझा जाएगा।
"पुलिस के कामकाज में सुधार के लिए जहां भी जरूरत होगी, वहां उचित कदम उठाए जाएंगे। जनता को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर परिणाम देने का प्रयास करेंगे।"
*CP से क्या उम्मीदें?*
लुधियाना जैसे बड़े औद्योगिक शहर में नशा, गैंगस्टर और स्नैचिंग बड़ी चुनौती है। ऐसे में नए पुलिस कमिश्नर के सख्त तेवरों से लोगों को उम्मीद है कि अब शहर में अपराध पर लगाम लगेगी और पुलिसिंग और ज्यादा मजबूत होगी।
-ludhianapolice-satindersinghips-ludhianacp-drugfreepunjab-crimecontrol