दिन-दहाड़े बेसबॉल दिखाकर महिला से सोने की चेन, चूड़ियां, अंगूठी और 40 हजार लूटने वाले 3 लुटेरे गिरफ्तार, चोरीशुदा सामान बरामद
लुधियाना 29 नवंबर (पारस दानिया): लुधियाना पुलिस कमिश्नरेट को बड़ी कामयाबी मिली है। थाना डिवीजन नंबर-5 की पुलिस ने दिन-दहाड़े हुई लूट-खोह की वारदात को ट्रेस करते हुए 3 मुलजिमों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने लूटा हुआ सोना, चांदी और वारदात में इस्तेमाल किए गए वाहन भी बरामद कर लिए हैं।
यह कार्रवाई कमिश्नर पुलिस, लुधियाना श्री सतिंदर सिंह, IPS के दिशा-निर्देशों पर असामाजिक तत्वों और नशा तस्करी करने वाले अपराधियों के खिलाफ चलाई जा रही विशेष मुहिम के तहत की गई। इस संबंध में जानकारी देते हुए ADCP जोन-3 धारावत साई प्रकाश, IPS और ACP सिविल लाइन सरबजीत सिंह चीमा ने बताया कि प्राप्त शिकायत पर कार्रवाई करते थाना डिवीजन नंबर-5 के SHO इंस्पेक्टर हमराज सिंह चीमा व उनकी पुलिस टीम ने उक्त मामले को ट्रेस करते हुए सफलता हासिल की।
28 नवंबर 2026 को शिकायतकर्ता परमिंदर कौर पत्नी मनप्रीत सिंह, निवासी ज्योति कॉलोनी, जमालपुर ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि अज्ञात मोटरसाइकिल सवार व्यक्तियों ने बेसबॉल दिखाकर उसके गले में पड़ी सोने की चेन, सोने की चूड़ियां, सोने की अंगूठी और कानों की वालियां समेत पर्स छीन लिया था। पर्स में सोने की अंगूठियां, चांदी की झांझरें, करीब 40,000 रुपये नकद, OPPO मोबाइल फोन और अन्य जरूरी दस्तावेज व चेक बुक मौजूद थे। इस संबंध में मुकदमा नंबर 347, दिनांक 28/11/2026, धारा 304(2), 3(5) BNS, थाना डिवीजन नंबर-5, लुधियाना में मामला दर्ज किया गया।
इंस्पेक्टर हमराज़ सिंह के नेतृत्व में चौंकी बस स्टैंड के इंचार्ज ASI करनप्रताप सिंह और पुलिस पार्टी ने मुखबिर खास की सूचना पर कार्रवाई करते हुए उक्त मुकदमे में तीन मुलजिमों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए मुलजिमों की शिनाख्त शिकायतकर्ता से करवाई गई और उनकी निशानदेही पर लूटे गए गहनों समेत वारदात में इस्तेमाल किए गए वाहन बरामद किए गए। जिनमें अब-तक कुल 1 सोने का लॉकेट, 3 सोने की अंगूठियां, 2 सोने की चूड़ियां, 1 सोने की चेन, 1 जोड़ी चांदी की झांझरें, 1 बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (वारदात में इस्तेमाल) और 1 लाल रंग का ई-रिक्शा बरामद की गई। पुलिस ने बताया कि उक्त मुकदमे में धारा 317(2) BNS का इजाफा किया गया है। मुलजिमों से और पूछताछ जारी है और उनसे और भी वारदातों के खुलासे होने की उम्मीद है।