2014 बैच के आईएएस अधिकारी डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने मंगलवार को लुधियाना के नए डिप्टी कमिश्नर (डीसी) के रूप में अपना कार्यभार संभाल लिया। पदभार संभालने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी मुख्य प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना होगी कि सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर पर वास्तविक लाभार्थियों तक पहुंचे।
उनके जीवन का एक खास पहलू यह भी है कि वर्ष 2001 में आठवीं कक्षा के बोर्ड परीक्षा परिणाम में फिरोजपुर जिले में 97 प्रतिशत अंक लेकर प्रथम स्थान हासिल करने के बाद ही उन्होंने डिप्टी कमिश्नर बनने का सपना देखा था।
डॉ. अग्रवाल मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (एलबीएसएनएए) में गोल्ड मेडलिस्ट रहे हैं। उन्हें राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। इसके अलावा वह दो बार सर्वश्रेष्ठ जिला चुनाव अधिकारी के रूप में सम्मानित हुए हैं और इन्वेस्ट पंजाब की ओर से राज्य पुरस्कार भी प्राप्त कर चुके हैं।
लुधियाना के डीसी का कार्यभार संभालने के अवसर पर उनके पिता सुरिंदर अग्रवाल और बहन निशु अग्रवाल भी मौजूद रहे। उनकी पत्नी कोमल मित्तल भी 2014 बैच की आईएएस अधिकारी हैं और वर्तमान में रूपनगर की डिप्टी कमिश्नर के रूप में सेवाएं दे रही हैं।
इससे पहले जिला प्रशासनिक परिसर पहुंचने पर एडीसी स्वाति तिवाना सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। पंजाब पुलिस की टुकड़ी ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया।
कार्यभार संभालने के बाद डॉ. अग्रवाल ने जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न महत्वपूर्ण सरकारी योजनाओं की समीक्षा की। इसके बाद उन्होंने जिला प्रशासनिक परिसर का निरीक्षण भी किया।