भारतीय जनता पार्टी पंजाब ने 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए अपने संकल्प पत्र की तैयारी के तहत एक व्यापक सुझाव अभियान शुरू किया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने पंजाब मामलों के प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया, घोषणापत्र समिति के चेयरमैन अविनाश राय खन्ना और समिति के सदस्यों की उपस्थिति में तीन फोन नंबर तथा एक क्यूआर कोड जारी कर इस सुझाव अभियान की औपचारिक शुरुआत की।
पार्टी के प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि पंजाब को नशे, गैंगस्टरवाद, भ्रष्टाचार और कर्ज के संकट से बाहर निकालने का एकमात्र समाधान भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन सरकार है। जब केंद्र और राज्य सरकार एक ही सोच के साथ काम करेंगी, तभी राज्य दिन-दूनी रात चौगुनी गति से तरक्की करेगा। उन्होंने कहा कि इसी सोच के साथ आज पंजाब भाजपा की ओर से हेल्पलाइन नंबर और वेबसाइट का क्यूआर कोड जारी किया जा रहा है, ताकि पंजाब का हर नागरिक सीधे पार्टी से जुड़कर अपने सुझाव और विचार साझा कर सके। भाजपा पंजाब नशा मुक्ति और विकास के मुद्दों को लेकर चुनाव मैदान में उतरेगी। हमारा एकमात्र एजेंडा पंजाब का विकास, पंजाब को नशा मुक्त बनाना, युवाओं का भविष्य सुरक्षित करना और पंजाब की खुशहाली है।
इस अवसर पर घोषणापत्र समिति के सदस्य एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनप्रीत सिंह बादल, एडवोकेट एचएस फूलका, राज्यसभा सांसद राजिंदर गुप्ता, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मनोरंजन कालिया, पूर्व विधायक अश्वनी सेखड़ी, पूर्व केंद्रीय मंत्री सोम प्रकाश, राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी, परमपाल कौर तथा स्टेट मीडिया हेड विनीत जोशी भी उपस्थित थे।
सुझावों के लिए तीन फोन नंबर और क्यूआर कोड जारी
इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए अविनाश राय खन्ना ने बताया कि जनता से सुझाव लेने के लिए पार्टी की ओर से तीन फोन नंबर और एक क्यूआर कोड जारी किया गया है। पहला फोन नंबर 0797-194-3333 है, जिस पर फोन करके सुझाव दिए जा सकते हैं। दूसरा फोन नंबर 991-300-2027 है, जिस पर मिस्ड कॉल दी जा सकती है। इसके बाद पार्टी कार्यालय से संबंधित व्यक्ति को फोन करके उसके सुझाव लिए जाएंगे। तीसरा नंबर 750-856-0065 है, जिस पर व्हाट्सएप संदेश के माध्यम से सुझाव भेजे जा सकते हैं। इसके अलावा क्यूआर कोड के माध्यम से भी संपर्क कर सुझाव दिए जा सकते हैं।
अविनाश राय खन्ना ने बताया कि जनता से सुझाव लेने के लिए पंजाब में वैन भेजी जाएंगी, जिन पर मोदी सरकार के कार्यों का विवरण होगा। इन वैन पर सुझाव बॉक्स भी लगाए जाएंगे, जिनके माध्यम से लोग अपने सुझाव दे सकेंगे। इन सुझावों का मनप्रीत सिंह बादल की अध्यक्षता वाली समिति अध्ययन करेगी और उन्हें संकल्प पत्र में शामिल करेगी।
विजन डॉक्यूमेंट पंजाब के लोगों के सुझावों का प्रतीक होगा : अविनाश राय खन्ना
घोषणापत्र समिति के चेयरमैन एवं पूर्व राज्यसभा सांसद अविनाश राय खन्ना ने बताया कि भाजपा का विजन डॉक्यूमेंट पंजाब के लोगों की आशाओं, अपेक्षाओं और सुझावों के आधार पर तैयार किया जाएगा। यह केवल चुनाव तक सीमित रहने वाला दस्तावेज नहीं होगा, बल्कि जनता के साथ किया गया एक वादा होगा, जिसे पूरा करने के लिए पार्टी पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेगी।
उन्होंने बताया कि मनप्रीत सिंह बादल की अध्यक्षता वाली समिति सभी सुझावों की समीक्षा करके उन्हें विजन डॉक्यूमेंट में शामिल करेगी। इसके लिए सुझाव बॉक्स, फोन और संदेशों के माध्यम से लोगों से संपर्क किया जाएगा। भाजपा की वैन गांवों और शहरों में जाकर लोगों के सुझाव एकत्रित करेंगी।
उन्होंने कहा कि अगले महीने तक विजन डॉक्यूमेंट जारी करने का प्रयास किया जा रहा है, जिसमें केंद्र सरकार की नीतियों के साथ-साथ पंजाब के विकास का रोडमैप भी होगा। हमारा उद्देश्य जनता का घोषणापत्र तैयार करना है, ताकि पंजाब को फिर से खुशहाल और देश का नंबर एक राज्य बनाया जा सके।
Bjp-To-Seek-Public-Suggestions-For-Election-Manifesto-Through-3-Helplines
Jagrati Lahar is an English, Hindi and Punjabi language news paper as well as web portal. Since its launch, Jagrati Lahar has created a niche for itself for true and fast reporting among its readers in India.
Gautam Jalandhari (Editor)