नहीं हो रही सफाई, चहेती कंपनियों को पहुंचाया जा रहा लाभ, पांच वार्डो का दूसरी बार 40 करोड़ का टेंडर
भाजपा नेता डा. जगमोहन राजू ने लगाया आरोप, केंद्रीय विजिलेंस ब्यूरो को की शिकायत
अमृतसर,( कुमार सोनी ) गुरु नगरी अमृतसर जहां रोजाना देश-विदेश से एक लाख के करीब श्रद्धालु रोज आते हैं। वहां की सफाई व्ययवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो गई है। जिधर देखो गंदगी और कूड़े के अंबार लगे हुए है।सफाई के लिए करोड़ों के ठेके दिए जा रहे हैं लेकिन सिर्फ जेबें भरने के लिए। यह आरोप पूर्व आईएएस एवं भाजपा नार्थ हलके के इंचार्ज डा. जगमोहन सिंह राजू ने एक संवाददाता सम्मेलन में लगाए। उन्होंने नगर के कूड़ा प्रबंधन ठेके में 167.03 करोड़ रुपए के घोटाले का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया पूर्वी हलके के पांच वार्ड ऐसे हैं जिनका टेडर दो बार अलाट हुआ है। फिलहाल डा. राजू नेे केंद्रीय सतर्कता आयुक्त, शहरी मामलों के मंत्रालय के मुख्य सतर्कता अधिकारी और पंजाब ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन के निदेशक को प्रमाणों सहित शिकायत करके मामले की जांच की मांग की है।
डा.राजू ने आरोप लगाते हुए कहा कि कचरा एकत्र करने, परिवहन, प्रसंस्करण और निपटान के लगभग 138 करोड़ रुपये के ठेकों में ऐसी अनियमितताओं की आशंका है, जिनकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है। सडक़ की मशीनी सफाई के अलग 29.12 करोड़ रुपये जोडऩे पर जांच के दायरे में आने वाले अनुबंधों का कुल मूल्य लगभग 167.03 करोड़ रुपये बनता है। यह अनुबंधों की राशि है, किसी जांच में प्रमाणित वित्तीय नुकसान की राशि नहीं। डॉ. राजू ने बताया कि पेश रिकॉर्ड के अनुसार 6 अक्टूबर 2025 के दो लेटर ऑफ अवार्ड के जरिए निगम के सभी 85 वार्डों में ठोस कचरा प्रबंधन का काम मैसर्स 3आर मैनेजमेंट लिमिटेड को मैसर्स सनटैन लाइफ के साथ कंसोर्टियम में लगभग 98 करोड़ रुपये में दिया गया। पहला अनुबंध 41 वार्डों के लिए 49.25 करोड़ रुपये और दूसरा 44 वार्डों के लिए 48.75 करोड़ रुपये का था। 18 दिसंबर 2025 को कंसेशन समझौता किया गया। सार्वजनिक-निजी भागीदारी मॉडल में घर-घर कचरा संग्रह, परिवहन, प्रसंस्करण, निपटान, निगरानी और शिकायत निवारण शामिल थे।