लुधियाना में पैसों के लेनदेन को लेकर युवक की हत्या, अपहरण कर बठिंडा ले गए आरोपी
Nov27,2026
| Paras Dania | Ludhiana
### पंकज अरोड़ा को सूए से गोदकर उतारा मौत के घाट
नहर से बरामद हुआ शव; तीन आरोपी गिरफ्तार
लुधियाना में पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद ने एक युवक की जान ले ली। पुलिस कमिश्नरेट लुधियाना ने पंकज अरोड़ा हत्याकांड को सुलझाने का दावा करते हुए तीन आरोपियों मिकी आहूजा, शिवा जायसवाल और अजय को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से एक सूआ भी बरामद किया है, जिसे वारदात में इस्तेमाल किया गया बताया गया है।
पुलिस के मुताबिक, हत्या के पीछे मिकी आहूजा और मृतक पंकज अरोड़ा के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद था। इसी रंजिश के चलते 25 नवंबर 2026 को मिकी आहूजा अपने साथियों के साथ कथित तौर पर पंकज को बाहर बुलाकर अगवा कर लुधियाना से बठिंडा ले गया।
पुलिस के अनुसार, बठिंडा में पंकज पर तेजधार हथियार सूए से हमला किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। जांच के दौरान अपहृत पंकज अरोड़ा का शव रामपुरा फूल के पास नहर की ड्रेन (समाना नाला) से बरामद हुआ। यह क्षेत्र थाना सदर के अधिकार क्षेत्र में आता है।
इस मामले में रोहित मनचंदा निवासी राजेश नगर, हैबोवाल कलां, लुधियाना की शिकायत पर थाना डिवीजन नंबर-4 में FIR नंबर 213 दिनांक 26 नवंबर 2026 को दर्ज की गई थी। बाद में इसमें हत्या की धारा 103 BNS भी जोड़ी गई।
पुलिस ने जांच के दौरान मिकी आहूजा, अजय और शिवा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मामले में सचिन, डिंपी आहूजा, मुकेश कुमार, अनिकेत, मिकी आहूजा के एक रिश्तेदार और चार अज्ञात व्यक्तियों सहित अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
**पुलिस अधिकारियों की टीम:** इस मामले को सुलझाने वाली टीम में डीसीपी सिटी आलम विजय सिंह, एडीसीपी समीर वर्मा, एसीपी सेंट्रल सतीश कुमार और थाना डिवीजन नंबर-4 के एसएचओ इंस्पेक्टर हरपाल सिंह शामिल रहे।
-ludhiananews-pankajaroramurdercase-ludhianapolice-crimenews-punjabnews