आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पहले भी नशा तस्करी के मामले में रह चुका है नामजद
फिल्लौर, 10 नवंबर। जालंधर देहाती पुलिस की फिल्लौर टीम ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने विशेष अभियान के दौरान मध्य प्रदेश निवासी एक व्यक्ति को 1 किलो 500 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ थाना फिल्लौर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क के दिशा-निर्देशों तथा वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना फिल्लौर की पुलिस टीम द्वारा नशा तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत इंस्पेक्टर बलविंदर सिंह भुल्लर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को काबू किया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पंकज कुमार पुत्र गोपाल सुभाष, निवासी गांव पारड़ी बाना, जिला नीमच, मध्य प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से 1 किलो 500 ग्राम अफीम बरामद की है। इस संबंध में थाना फिल्लौर में मुकदमा नंबर 389, दिनांक 08.11.2026, धारा 18-61-85 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी के खिलाफ इससे पहले भी नशा तस्करी से संबंधित मामला दर्ज है। मुकदमा नंबर 293, दिनांक 04.10.2022, एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 15/18/21 के तहत दर्ज मामले में भी उसका नाम सामने आया था। उक्त मामले में अफीम, भुक्की चूरा पोस्त, हेरोइन और नशीली गोलियों की बरामदगी का उल्लेख है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। आरोपी से पूछताछ कर नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य संपर्कों और नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।