सुखबीर सिंह बादल के निवास पर जुटे अकाली-भाजपा नेता, गठबंधन के बाद पहली औपचारिक बैठक
Nov28,2026
| Jagrati Lahar Bureau | Chandigarh
8 दिसंबर को मोगा में प्रधानमंत्री मोदी की रैली की तैयारियों पर हुई चर्चा
दोनों दलों के नेताओं ने साझा रणनीति पर किया विचार-विमर्श
चंडीगढ़, 28 नवंबर। पंजाब में शिरोमणि अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी के बीच गठबंधन की घोषणा के बाद शनिवार को दोनों दलों के वरिष्ठ नेताओं की पहली औपचारिक बैठक अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल के सेक्टर-9 स्थित निवास पर हुई।
बैठक में भाजपा की ओर से पंजाब प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों, सुनील जाखड़, अश्वनी शर्मा और अनिल सरीन शामिल हुए। वहीं अकाली दल की ओर से सुखबीर सिंह बादल के अलावा बलविंदर सिंह भुंडड़, डॉ. दलजीत सिंह चीमा, बंटी रोमाना, सिकंदर सिंह मलूका और बिक्रम सिंह मजीठिया सहित अन्य नेता मौजूद रहे।
बैठक का प्रमुख एजेंडा आगामी 8 दिसंबर को मोगा में आयोजित होने वाले कार्यक्रम की तैयारियां रहा। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने का कार्यक्रम है। पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय प्रकाश सिंह बादल की जयंती के अवसर पर होने वाली इस रैली को दोनों दलों के संयुक्त राजनीतिक कार्यक्रम के रूप में देखा जा रहा है।
बैठक में रैली की तैयारियों, कार्यकर्ताओं की लामबंदी और दोनों पार्टियों के बीच संगठनात्मक तालमेल को लेकर चर्चा हुई। 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव को देखते हुए गठबंधन की आगे की रणनीति पर भी विचार-विमर्श हुआ।
बैठक के बाद सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि दोनों दल जल्द ही संयुक्त कार्ययोजना लेकर सामने आएंगे।
-sukhbirsinghbadal-shiromaniakalidal-punjabbjp-bjp-pmmodirally