*48 घंटों के भीतर दूसरी गिरफ्तारी; एक .30 बोर पिस्तौल, पांच जिंदा कारतूस और महिंद्रा थार बरामद*
*फिल्लौर , 28 नवंबर 2026*
अंतरराष्ट्रीय नशा एवं हथियार तस्करी नेटवर्क के खिलाफ अपनी कार्रवाई को और तेज करते हुए जालंधर ग्रामीण पुलिस ने अमेरिका से जुड़े नशा एवं हथियार तस्करी मॉड्यूल का पर्दाफाश करने के बाद 48 घंटों के भीतर दूसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक .30 बोर पिस्तौल, पांच जिंदा कारतूस बरामद करने के साथ-साथ महिंद्रा थार गाड़ी नंबर PB20-E-8165 को भी कब्जे में लिया है।
इस कार्रवाई संबंधी जानकारी साझा करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जालंधर ग्रामीण स. हरकंमलप्रीत सिंह खख ने बताया कि यह कार्रवाई मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों के तहत चलाई जा रही मुहिम 'युद्ध नशों के विरुद्ध' के अंतर्गत की गई है। उन्होंने कहा कि जालंधर ग्रामीण पुलिस द्वारा नशा तस्करी के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने, उनके अंतरराष्ट्रीय संबंधों का पर्दाफाश करने और इस गैर-कानूनी धंधे में शामिल सभी व्यक्तियों को कानून के कटघरे में लाने के लिए विशेष रणनीति के तहत कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनप्रीत सिंह उर्फ मप्पी पुत्र हरकमल सिंह, उम्र करीब 20 वर्ष, निवासी गांव गुलाबपुर, थाना बलाचौर, जिला एस.बी.एस. नगर के रूप में हुई है।
जांच संबंधी जानकारी देते हुए एसएसपी खख ने बताया कि मुख्य आरोपी प्रभदीप सिंह उर्फ प्रभ से लगातार पूछताछ के दौरान इस तस्करी नेटवर्क में मनप्रीत सिंह की संलिप्तता सामने आई थी। इन सुरागों के आधार पर जालंधर ग्रामीण की सीआईए स्टाफ टीम, जिसकी अगुवाई इंस्पेक्टर पुष्प बाली, इंचार्ज सीआईए स्टाफ कर रहे थे, द्वारा तकनीकी निगरानी और मानवीय खुफिया जानकारी के आधार पर आरोपी को ट्रेस करने के लिए विशेष प्रयास किए गए।
पुख्ता सूचना मिलने पर पुलिस टीम द्वारा एस.बी.एस. नगर के निकट नाकाबंदी कर मनप्रीत सिंह द्वारा चलाई जा रही महिंद्रा थार गाड़ी को रोक लिया गया। इसके बाद की गई तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक .30 बोर पिस्तौल और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इसके बाद आरोपी को इस मामले में नामजद कर गिरफ्तार कर लिया गया।
उन्होंने आगे बताया कि बाकी नामजद आरोपियों, जिनमें अमेरिका में रहने वाला हैंडलर नवजोत सिंह उर्फ गैरी भी शामिल है, की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की जा रही है। इसके अलावा पूरे नेटवर्क के वित्तीय लेन-देन की भी गहनता से जांच की जा रही है। नशा तस्करी की कमाई से बनाई गई संपत्तियों की पहचान कर उन्हें कानून के अनुसार अटैच करने की कार्रवाई की जाएगी।
यह कार्रवाई विनीत अहलावत, आईपीएस, एसपी इन्वेस्टिगेशन जालंधर ग्रामीण; सरवण सिंह बल, डीएसपी नकोदर और लखविंदर सिंह, डीएसपी डिटेक्टिव की निगरानी में की गई। पुलिस द्वारा इस नेटवर्क के संचालन संबंधी कड़ियों, सप्लाई चैनलों और वित्तीय लेन-देन की आगे जांच की जा रही है, ताकि इस मॉड्यूल से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका स्पष्ट की जा सके।
गिरफ्तार आरोपी को आगे की पूछताछ और जांच के लिए पुलिस रिमांड हासिल करने हेतु सक्षम अदालत में पेश किया जाएगा।
*अब तक 12 किलोग्राम हेरोइन और पांच पिस्तौल बरामद*
इस ताजा बरामदगी के साथ इस मामले में अब तक कुल 12 किलोग्राम हेरोइन, पांच पिस्तौल, 10 जिंदा कारतूस और दो वाहन बरामद किए जा चुके हैं, जो नशा एवं हथियार तस्करी नेटवर्क के खिलाफ चल रही जांच में एक महत्वपूर्ण सफलता है।
इस संबंध में मुकदमा नंबर 342 दिनांक 26.11.2026, धारा 21(C), 29, 61 और 85 एनडीपीएस एक्ट तथा धारा 25(1)(B)(a), 25(6), 25(8), 54 और 59 आर्म्स एक्ट के तहत थाना सदर नकोदर में दर्ज है।
जालंधर ग्रामीण पुलिस नशा एवं अवैध हथियारों के नेटवर्क को खत्म करने, उनके अंतरराष्ट्रीय संबंधों का पर्दाफाश करने और पंजाब के युवाओं की सुरक्षा एवं भविष्य को खतरे में डालने वाले सभी व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराती है।