• राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आईएनए एझिमाला में पासिंग आउट परेड का किया निरीक्षण
• अमन अरोड़ा ने नवनियुक्त अधिकारियों को दी बधाई; समर्पण और जज्बे के साथ देश की सेवा करने के लिए किया प्रेरित
चंडीगढ़, 28 नवंबर:
महाराजा रणजीत सिंह आर्म्ड फोर्सेज प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट (एमआरएसएएफपीआई), मोहाली के दो पूर्व कैडेट अनुताज सिंह और अक्षांश अग्रवाल भारतीय नौसेना में कमीशंड अधिकारी के रूप में शामिल हुए हैं। यह नियुक्ति आज केरल के एझिमाला स्थित भारतीय नौसेना अकादमी में आयोजित भव्य पासिंग आउट परेड के दौरान हुई। इस गौरवपूर्ण समारोह का निरीक्षण भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने किया।
गुरदासपुर जिले के निवासी अनुताज सिंह के माता-पिता दोनों शिक्षक हैं। उनकी माता सरकारी हाई स्कूल, माड़ी टांडा में जबकि पिता सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, नौशहरा माजरा सिंह में सेवाएं निभा रहे हैं। वहीं, फतेहगढ़ साहिब जिले के निवासी अक्षांश अग्रवाल एक व्यवसायी परिवार से संबंध रखते हैं।
नवनियुक्त अधिकारियों को बधाई देते हुए पंजाब के रोजगार सृजन, कौशल विकास एवं प्रशिक्षण मंत्री श्री अमन अरोड़ा ने कहा कि इन दोनों युवाओं का चयन इस बात का प्रमाण है कि यह संस्थान प्रत्येक सामाजिक एवं आर्थिक पृष्ठभूमि से आने वाले प्रतिभाशाली युवाओं को समान अवसर प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने दोनों अधिकारियों को पूरे समर्पण, जज्बे और पेशेवर प्रतिबद्धता के साथ देश की सेवा करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पंजाब को आप पर गर्व है।
श्री अरोड़ा ने कहा कि महाराजा रणजीत सिंह आर्म्ड फोर्सेज प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट देश की सशस्त्र सेनाओं में नेतृत्व की जिम्मेदारी संभालने के लिए पंजाब के युवाओं को तैयार करके राज्य की गौरवशाली सैन्य विरासत में एक नया अध्याय जोड़ रहा है।
संस्थान के निदेशक मेजर जनरल अजय एच. चौहान, वीएसएम (सेवानिवृत्त) ने भी दोनों अधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने बताया कि इस उपलब्धि के साथ संस्थान से प्रशिक्षण प्राप्त कर भारतीय सशस्त्र सेनाओं में कमीशंड अधिकारी बनने वाले कैडेटों की कुल संख्या 200 के महत्वपूर्ण आंकड़े तक पहुंच गई है। इनमें से 26 कैडेट भारतीय नौसेना में अधिकारी के रूप में शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा, "यह पंजाब के लोगों की बहादुरी का प्रमाण है।"
निदेशक ने बताया कि एमआरएसएएफपीआई अब राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) और तकनीकी सेवाओं में प्रवेश की तैयारी करवाने के साथ-साथ अपने कैडेटों को भारतीय नौसेना की '10+2 कैडेट एंट्री' योजना के लिए भी विशेष रूप से तैयार करने पर जोर दे रहा है।
17वें कोर्स के लिए दाखिले शुरू
निदेशक मेजर जनरल अजय एच. चौहान, वीएसएम (सेवानिवृत्त) ने घोषणा की कि संस्थान के 17वें कोर्स के लिए दाखिले शुरू हो गए हैं। एनडीए में प्रवेश पाने के इच्छुक दसवीं कक्षा के विद्यार्थी 15 दिसंबर, 2026 तक https://recruitment-portal.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश परीक्षा 3 जनवरी, 2027 को आयोजित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि संस्थान भविष्य में भी इसी प्रकार कड़ी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के साथ पंजाब के युवाओं को सशस्त्र सेनाओं में अधिकारी बनने के लिए तैयार करने तथा उनके सपनों को साकार करने में निरंतर सहयोग देता रहेगा।
-maharajaranjitsinghinstitute-indiannavy-punjabpride-amanarora-armedforcesofficer
Jagrati Lahar is an English, Hindi and Punjabi language news paper as well as web portal. Since its launch, Jagrati Lahar has created a niche for itself for true and fast reporting among its readers in India.
Gautam Jalandhari (Editor)