हरियाणा में फिर छलनी हुआ नायब सैनी और भाजपा का दावा फिरौती के लिए आढ़ती के घर पर की गई फायरिंग
Nov28,2026
| Rajender Singh Jadon | Chandigarh
राजेंद्र सिंह जादौन
चंडीगढ़, 28नवंबर। हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सैनी और भाजपा के कानून व्यवस्था दुरुस्त होने के दावे एक बार फिर छलनी हुए है। इस बार हांसी जिले में चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया सूर्यकांत के पैतृक गांव पेटवाड़ में बाइक सवार बदमाश ने फायरिंग कर दहशत फैला दी। बदमाश ने गांव के प्रॉपर्टी कारोबारी एवं आढ़ती के घर को निशाना बनाया। वारदात के समय कारोबारी पड़ोस में हुई एक मौत पर शोक जताने गए हुए थे, जबकि घर में महिलाएं और बच्चे मौजूद थे।
बदमाश ने घर के बाहर पहुंचकर कारोबारी का नाम लेकर आवाज लगाई। जब कुछ देर तक कोई बाहर नहीं आया तो उसने घर पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं और फरार हो गए। अचानक हुई फायरिंग से घर में मौजूद महिलाएं और बच्चे सहम गए। पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।
पीड़ित कारोबारी के मुताबिक, 2 करोड़ रुपए की रंगदारी नहीं देने पर यह फायरिंग की गई है। 23 नवंबर को उससे फोन और मैसेज के जरिए गैंगस्टर रोहित गोदारा के नाम से रंगदारी मांगी गई थी। घटना के बाद पुलिस ने आढ़ती के घर के बाहर चार पुलिस जवान तैनात कर दिए हैं।
पेटवाड़ नारनौंद से कांग्रेस विधायक जस्सी पेटवाड़ का भी पैतृक गांव है। घटना के बाद विधायक ने सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी पंजाब में जाकर अपराध मुक्त करने की बातें करते हैं, जबकि उनसे अपना घर और अपना प्रदेश ही नहीं संभल रहा। पेटवाड़ निवासी धर्मपाल ने बताया कि उनकी उम्र करीब 60 साल है। वे प्रॉपर्टी कारोबार के साथ नारनौंद अनाज मंडी में आढ़त की दुकान नंबर 10 भी संभालते हैं। 23 नवंबर को उसे फोन और मैसेज के जरिए रंगदारी की धमकी मिली थी।
धर्मपाल के बेटे उमेश ने बताया कि इसके बाद शुक्रवार रात करीब सवा 9 बजे एक व्यक्ति बाइक से उनके घर पहुंचा। उसने बाहर से उनके पिता धर्मपाल का नाम लेकर आवाज लगाई। उस समय पिता धर्मपाल पड़ोस में हुई एक मौत पर शोक जताने गए हुए थे।उमेश के मुताबिक, जब कोई बाहर नहीं आया तो आरोपी ने घर के मुख्य गेट से एक फायर किया। इसके बाद अंदर घुसकर तीन राउंड और गोलियां चलाईं। इनमें से तीन गोलियां घर के अंदर खड़ी गाड़ी में लगीं। आरोपी ने अपना चेहरा ढका हुआ था।
उमेश ने बताया कि घटना के समय घर में उनकी पत्नी, बच्चे, भाई-भाभी, उनके बच्चे और मां मौजूद थे। उनकी किसी से कहासुनी या विवाद नहीं है। अचानक हुए घटनाक्रम से परिवार सहमा हुआ है।
धर्मपाल ने बताया कि उनकी किसी के साथ न तो कोई कहासुनी हुई है और न ही कोई विवाद चल रहा है। किसी से उनकी कोई रंजिश या लेन-देन का विवाद नहीं है। मंडी में छोटी-सी आढ़त की दुकान चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। ऐसे में दो करोड़ रुपए कहां से दे सकते हैं।, शनिवार सुबह परिवार और ग्रामीण हांसी में पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार से मिले और परिवार के लिए सुरक्षा की मांग की। इस पर एसपी ने पीड़ित परिवार को सुरक्षा देने की बात कही, वहीं घर पर एक पीसीआर भी तैनात कर दी गई है। एसपी ने आश्वासन दिया कि आरोपी की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं, पुलिस की टीमें लगी हुई है।
नारनौंद थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जोगिंद्र सिंह ने बताया कि जांच जारी है।सीसीटीवी में एक युवक कैद हुआ है, जिसकी पहचान की जा रही है।
कांग्रेस विधायक जस्सी पेटवाड़ ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले अपराध करने के बाद बदमाश और गैंग छह महीने से लेकर सालभर तक सामने नहीं आते थे। आज हरियाणा में रोजाना फिरौती मांगी जा रही है और हत्याएं हो रही हैं। प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। मुख्यमंत्री पंजाब में जाकर अपराध मुक्त करने की बातें करते हैं, जबकि उनसे अपना प्रदेश नहीं संभल रहा।
-haryanacrime-hansinews-extortionfiring-haryanapolice-nayabsinghsaini