इंसाफ मार्च में हजारों लोगों ने लिया हिस्सा, हर कांग्रेसी का लक्ष्य कांग्रेस को दोबारा सत्ता में लाना है: वड़िंग
Nov27,2026
| Jagrati Lahar Bureau | Chandigarh
स्थानीय सांसद और पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के नेतृत्व में आज निकाले गए ‘इंसाफ मार्च’ में हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
यह कार्यक्रम आत्म नगर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित किया गया।
इस मौके पर प्रमुख रूप से कैप्टन संदीप संधू, संजय तलवाड़, राकेश पांडे, पवन दीवान, कुलदीप सिंह वैद, मलकीत सिंह दाखा, के के बावा, बलविंदर सिंह बैंस सहित कई अन्य नेता मौजूद रहे।
इस अवसर पर संबोधित करते हुए राजा वड़िंग ने कहा कि हर कांग्रेसी की तरह उनकी भी यही इच्छा है कि पंजाब में कांग्रेस की सरकार बने और आम आदमी पार्टी की सरकार से लोगों को छुटकारा मिले।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार अब तक की सबसे खराब सरकार साबित हुई है और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान पूरी तरह असफल रहे हैं। उन्होंने कहा कि 2022 में पंजाब के लोगों ने आम आदमी पार्टी को भारी बहुमत देकर सत्ता सौंपी थी, लेकिन पार्टी ने लोगों के साथ धोखा किया और उनकी उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी। आज पंजाब के लोग जल्द से जल्द इस सरकार से छुटकारा पाना चाहते हैं।
राजा वड़िंग ने कहा कि पंजाब में गैंगस्टरों की हिंसा सभी हदें पार कर चुकी है और कोई भी व्यक्ति खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा है। गैंगस्टरों में लोगों की हत्या करने का भी कोई डर नहीं रहा। उन्होंने प्रसिद्ध गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या का उदाहरण देते हुए कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है।
उन्होंने कुछ ऐसे गैंगस्टरों का भी जिक्र किया, जिन्हें सत्ताधारी पार्टी बढ़ावा दे रही है और जिनके चुनाव लड़ने की भी संभावना है।
उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार भी लॉरेंस बिश्नोई जैसे गैंगस्टरों को संरक्षण देने के लिए जिम्मेदार है। उन्होंने सवाल उठाया कि लॉरेंस बिश्नोई को गुजरात की साबरमती जेल में सुरक्षित रखकर उसे संरक्षण क्यों दिया जा रहा है।
पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने पंजाब में नशे की गंभीर समस्या का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि नशे के कारण सैकड़ों नौजवानों की मौत हो चुकी है। पंजाब से नशा खत्म करने के आम आदमी पार्टी के दावे पूरी तरह झूठे और खोखले साबित हुए हैं।
राजा वड़िंग ने पार्टी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि जिस दिन पंजाब में कांग्रेस की सरकार बनेगी, वह उनके लिए सबसे ज्यादा खुशी का दिन होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कोई भी बने, उनका एकमात्र लक्ष्य पंजाब में कांग्रेस की सरकार वापस लाना है।
-amarindersinghrajawarring-congressinsafmarch-ludhiananews-punjabpolitics-punjabcongress