नशों, अपराध, बिगड़ती कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार के मुद्दों पर पूरे प्रदेश में चलाया जाएगा जनसंपर्क अभियान
चंडीगढ़, 10 नवंबर। पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने प्रदेशभर में ‘पंजाब मांगता इंसाफ’ नाम से राज्यव्यापी जनसंपर्क अभियान शुरू करने की घोषणा की है। यह अभियान 11 नवंबर 2026 को सुबह 11 बजे शुरू होगा। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह की ओर से जारी पत्र के अनुसार, यह मुहिम राहुल गांधी द्वारा इंसाफ रैली में उठाए गए मुद्दों और विचारों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से शुरू की जा रही है।
कांग्रेस के अनुसार, अभियान के दौरान पंजाब में नशों की समस्या, बिगड़ती कानून व्यवस्था, अपराध और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को लेकर जनता के बीच पहुंच बनाई जाएगी। पार्टी का उद्देश्य लोगों की समस्याएं सुनना और इन मुद्दों पर सरकार की जवाबदेही की मांग करना है।
पीड़ित परिवारों से मिलेंगे कांग्रेस नेता
अभियान के तहत अपराध, गैंगवार और हिंसक घटनाओं से प्रभावित परिवारों से मुलाकात की जाएगी। इसके अलावा नशे की लत से प्रभावित परिवारों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और अनुभवों को सामने लाया जाएगा।
पंजाबभर में निकाली जाएंगी साइकिल यात्राएं
कांग्रेस की ओर से शहरों, कस्बों और गांवों तक पहुंचने के लिए साइकिल यात्राएं आयोजित की जाएंगी। इनके माध्यम से न्याय, जवाबदेही और बदलाव का संदेश लोगों तक पहुंचाने की योजना है।
हर वर्ग से होगा सीधा संवाद
अभियान में किसानों, मजदूरों, कर्मचारियों, व्यापारियों, विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठकें की जाएंगी। इसके अलावा विधानसभा क्षेत्रों में जनसभाएं और जमीनी स्तर पर जनसंपर्क कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।
तीन वरिष्ठ नेताओं के नेतृत्व में चलेगी मुहिम
पार्टी के पत्र के अनुसार, इस अभियान का संचालन पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह, विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा और अभियान समिति के चेयरमैन चरणजीत सिंह चन्नी के सामूहिक नेतृत्व में किया जाएगा। पार्टी के विधायकों, जिला एवं ब्लॉक अध्यक्षों, अग्रिम संगठनों और कार्यकर्ताओं से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की गई है।
कांग्रेस ने इस अभियान को केवल एक कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए पंजाब के लोगों की समस्याओं को उठाने और न्याय एवं जवाबदेही की मांग को जनस्तर तक पहुंचाने की पहल बताया है।