कादियां के मोहल्ला अकालगढ़ में दिवाली की रात अवतार सिंह भाटिया के घर और दुकान में लगी भीषण आग
अहमदिया युवाओं और स्थानीय लोगों ने मिलकर आग पर पाया काबू, पेश की आपसी भाईचारे की मिसाल
कादियां, 7 नवंबर (सलाम तारी): जहां पूरे देश में दिवाली का त्योहार खुशियों और उत्साह के साथ मनाया जा रहा था, वहीं कादियां के मोहल्ला अकालगढ़ में दिवाली की रात एक दुखद घटना सामने आई। मोहल्ले में रहने वाले अवतार सिंह भाटिया के घर और दुकान में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
आग लगने की सूचना मिलते ही मोहल्ला अकालगढ़ के स्थानीय निवासियों और मुस्लिम जमात अहमदिया के युवाओं ने बिना देरी किए घटनास्थल पर पहुंचकर आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए। इसी दौरान मुस्लिम जमात अहमदिया की फायर सर्विस की टीम भी मौके पर पहुंच गई। टीम के सदस्यों और स्थानीय लोगों ने संयुक्त प्रयासों तथा कड़ी मेहनत से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
इस अवसर पर नगर कौंसिल कादियां के उपाध्यक्ष गुरदिलबाग सिंह नीटा माहल ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मुस्लिम जमात अहमदिया की फायर सर्विस टीम और सभी सहयोगियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्होंने समय पर पहुंचकर आग पर काबू पाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और एक बड़े हादसे को होने से बचाने में सहयोग दिया।
इस घटना के दौरान अहमदिया युवाओं और स्थानीय निवासियों द्वारा दिखाई गई सेवा भावना, आपसी सहयोग और सांप्रदायिक सद्भाव की हर तरफ सराहना की जा रही है।