बच्चे का पिछले 25 दिनों से जालंधर के निजी अस्पताल में चल रहा है इलाज, आर्थिक तंगी से जूझ रहा परिवार
फिल्लौर, 9 नवंबर। मानवता की सेवा करना और जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आना सबसे बड़ा पुण्य का कार्य है। लेकिन एक ओर जहां समाजसेवी और दानवीर जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आ रहे हैं, वहीं कुछ असामाजिक तत्व ऐसी घटनाओं को अंजाम देकर मानवता को शर्मसार कर रहे हैं।
ऐसा ही एक मामला गांव ब्रह्मपुरी निवासी मासूम बच्चे लवीश कुमार के परिवार से सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, लवीश कुमार पिछले करीब 25 दिनों से जालंधर के एक निजी अस्पताल में उपचाराधीन है। बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है। लंबे समय से चल रहे इलाज के कारण परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर हो चुकी है और अब परिवार के लिए इलाज का खर्च उठाना मुश्किल हो गया है।परिवार ने समाजसेवी संस्थाओं, एनआरआई भाइयों, दानवीर सज्जनों और क्षेत्रवासियों से भावुक अपील की है कि मासूम बच्चे की जिंदगी बचाने के लिए अपनी सामर्थ्य के अनुसार अधिक से अधिक आर्थिक सहायता प्रदान करें, ताकि उसका इलाज जारी रह सके।
इस बीच एक और दुखद एवं शर्मनाक घटना सामने आई है। परिवार द्वारा बच्चे के इलाज के लिए फिल्लौर के अंबेडकर चौक पर लोगों से आर्थिक सहायता एकत्रित की जा रही थी। इसी दौरान कुछ लुटेरे पैसे जमा करवाने का बहाना बनाकर वहां एकत्रित नकदी छीनकर फरार हो गए। इस घटना से परिवार को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ गहरा मानसिक आघात भी पहुंचा है।
एक तरफ परिवार अपने मासूम बच्चे की जिंदगी बचाने के लिए संघर्ष कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ कुछ शरारती तत्वों ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। इस घटना की समाजसेवी संस्थाओं ने कड़ी निंदा करते हुए प्रशासन के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाए और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
समाजसेवियों ने लोगों से अपील की है कि वे इस कठिन समय में मासूम लवीश के परिवार की मदद के लिए आगे आएं, ताकि आर्थिक अभाव के कारण बच्चे का इलाज प्रभावित न हो।