गाली-गलौज के बाद दोस्तों ने किरच से हमला कर युवक को उतार दिया मौत के घाट, 5 पर केस दर्ज
लुधियाना 27 नवंबर (पारस दानिया): लुधियाना के थाना दरेसी के इलाके बिंद्रा कॉलोनी में देर रात एक दिल दहला देने वाली हत्या हो गई। 32 साल के हनी को उसी के दोस्तों ने पीट-पीटकर मार डाला। वजह सिर्फ इतनी थी कि WhatsApp ग्रुप में हनी के मरने की झूठी पोस्ट डाल दी गई थी।
मरने की पोस्ट से शुरू हुआ झगड़ा
जानकारी के अनुसार, मृतक हनी और आरोपी राहुल उर्फ गोलू एक ही WhatsApp ग्रुप में थे।
गोलू ने ग्रुप में हनी के बारे में उसके मरने की पोस्ट डाल दी। हनी को यह बात बुरी लगी। इसके बाद दोनों में गाली-गलौज शुरू हो गई। गाली-गलौज देर रात तक चलता रहा और मामला इतना गर्मा गया कि बात जान लेने तक पहुंच गई।
रात 12:30 बजे 5 लोगों ने घेरकर किया हमला
बताया जा रहा है कि देर रात करीब 12:30 बजे आरोपी गोलू अपने 4 साथियों के साथ एकत्रित हुआ। पांचों ने आपसी मिलीभगत से हनी पर हमला कर दिया। आरोपियों ने हनी के साथ जमकर मारपीट की और लोहे की तेजधार वस्तु / किरच से वार किया।
दिल और कमर पर लगे घातक वार
हमले में हनी के दिल के पास और कमर में गंभीर चोटें आईं। ज्यादा खून बहने और गंभीर चोटों के कारण हनी की मौत हो गई।
मृतक की पहचान 32 वर्षीय हनी के रूप में हुई है। वह फैक्ट्री में ओवरलॉकिंग का काम करता था। बताया जा रहा है कि हनी तलाकशुदा था।
सूचना मिलते पुलिस पहुंची, बॉडी कब्जे में ली
आज जब सूचना मिली तो तुरंत थाना दरेसी की पुलिस मौके पर पहुंची। SHO इंस्पेक्टर जसविंदर सिंह ने पुलिस पार्टी सहित मौके की जांच शुरू की। डेड बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने इलाके के CCTV खंगालने शुरू कर दिए हैं।
पुलिस का बयान
थाना दरेसी के SHO इंस्पेक्टर जसविंदर सिंह ने बताया:
"घटना बीती रात की है। 32 वर्षीय हनी की हत्या की गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि सारी बात एक WhatsApp ग्रुप से शुरू हुई। गोलू ने ग्रुप में हनी के मरने की झूठी पोस्ट डाली। इसके बाद गाली-गलौज हुआ और देर रात गोलू ने अपने साथियों के साथ मिलकर हनी पर किरच से हमला किया। दिल के पास और कमर में ज्यादा चोट लगने से हनी की मौत हो गई।"
पुलिस ने हनी के परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज कर 5 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। जिनमें राहुल उर्फ गोलू, प्रिंस, मनी, शीरा और एक अन्य के रूप में है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद आगे की पूछताछ की जाएगी और मामले में और भी तफ्तीश जारी है।