लुधियाना में पत्रकार दंपती पर जानलेवा हमला, नकाबपोश हमलावर ने कार पर चलाईं गोलियां
Nov9,2026
| Jagrati Lahar Bureau | Ludhiana
पीएयू गेट नंबर-8 के पास रास्ता रोककर की फायरिंग, नानकसर गुरुद्वारे के पास दोबारा बरसाईं गोलियां; बाल-बाल बचा पत्रकार दंपती
लुधियाना, 9 नवंबर। महानगर में पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई है। दिवाली की खरीदारी और डिनर के बाद घर लौट रहे पत्रकार दंपती पर एक नकाबपोश हमलावर ने गोलियां चला दीं। हमलावर ने पहले साउथ सिटी स्थित पंजाब कृषि विश्वविद्यालय (पीएयू) के गेट नंबर-8 के पास उनकी कार का रास्ता रोका और फिर पिस्तौल निकालकर फायरिंग कर दी।
जानकारी के अनुसार, महिला पत्रकार नवनीत कौर अपने पति एवं पंजाबी ट्रिब्यून से जुड़े पत्रकार गगन अरोड़ा के साथ शनिवार देर रात घर लौट रही थीं। रात करीब 12 बजे सफेद एक्टिवा पर सवार एक नकाबपोश व्यक्ति ने उनकी कार के आगे स्कूटर लगाकर रास्ता रोक लिया। जब गगन अरोड़ा ने रास्ता रोकने का कारण पूछा तो आरोपी ने कथित तौर पर धमकी दी और कार पर गोलियां चला दीं।
पीछा करते हुए नानकसर गुरुद्वारे के पास दोबारा फायरिंग
हमलावर से बचने के लिए गगन अरोड़ा ने कार तेज गति से आगे बढ़ा दी, लेकिन आरोपी ने उनका पीछा करना जारी रखा। फिरोजपुर रोड पर नानकसर गुरुद्वारे के पास हमलावर ने एक बार फिर कार पर गोलियां चलाईं। इसके बाद वह मल्हार रोड तक उनका पीछा करता रहा। इस पूरी वारदात में पत्रकार दंपती बाल-बाल बच गए।
पहले भी मिल रही थीं धमकियां
नवनीत कौर के अनुसार, उन्हें पहले भी विदेशी नंबरों से धमकी भरे फोन आते रहे हैं। घटना के बाद दंपती ने पुलिस से संपर्क करने का प्रयास किया। बाद में पुलिस कमिश्नर से बात होने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही
दंपती की शिकायत पर थाना पीएयू की पुलिस ने अज्ञात एक्टिवा सवार के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सेफ सिटी कैमरों की सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावर की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जा सके। पुलिस मामले के पीछे की वजह का भी पता लगा रही है।
-ludhianafiring-journalistcouple-gaganarora-navneetkaur-punjabpolice