विश्वकर्मा जयंती पर लुधियाना पहुंचे भाजपा पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों
Nov9,2026
| Anil Passi | Ludhiana
कारीगर पंजाब की मेहनत की रीढ़ हैं : केवल सिंह ढिल्लों
मोदी सरकार ने पीएम विश्वकर्मा योजना से कारीगरों को दी नई पहचान : केवल सिंह ढिल्लों
भगवान विश्वकर्मा के दरबार में पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, कारीगरों से सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की अपील
कुशल हाथों का सम्मान ही खुशहाल पंजाब की नींव : ढिल्लों
लुधियाना, 9 नवंबर ( अनिल पासी ) भारतीय जनता पार्टी पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों आज भगवान विश्वकर्मा जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर लुधियाना स्थित बाबा विश्वकर्मा भवन पहुंचे। उन्होंने भगवान विश्वकर्मा जी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया और इसे अपने लिए अत्यंत सौभाग्य की बात बताया।
इस अवसर पर उन्होंने समस्त कारीगरों, मिस्त्रियों, लोहारों, बढ़इयों तथा सभी मेहनतकश भाई-बहनों को भगवान विश्वकर्मा जयंती की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि यह दिन केवल पूजा-अर्चना का नहीं, बल्कि हाथों के हुनर और श्रम के सम्मान का दिन है। भगवान विश्वकर्मा जी को सृष्टि का प्रथम शिल्पकार एवं इंजीनियर माना जाता है। उनका संदेश स्पष्ट है कि जो अपने हाथों से कुछ रचता है, वही समाज का वास्तविक निर्माता है।
उन्होंने कहा कि गुरु साहिबान ने भी “किरत करो, नाम जपो, वंड छको” का संदेश दिया है। पंजाब की धरती की पहचान मेहनत और परिश्रम से है तथा इस मेहनत की रीढ़ हमारे कारीगर भाई हैं। गांव की गलियों से लेकर बड़े कारखानों तक, हल के फाल से लेकर घर की छत तक, हर जगह किसी न किसी कारीगर के हाथों की छाप दिखाई देती है। उन्होंने अफसोस जताया कि दशकों तक इन मेहनतकश हाथों को केवल बधाइयां मिलीं, लेकिन आवश्यक सुविधाएं नहीं मिल पाईं।
प्रदेश अध्यक्ष ढिल्लों ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने इस सोच को बदलने का काम किया है। पीएम विश्वकर्मा योजना के माध्यम से पारंपरिक कारीगरों को पहचान पत्र, कौशल प्रशिक्षण, आधुनिक औजारों के लिए सहायता तथा सस्ती दरों पर ऋण उपलब्ध करवाया जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी जी का संदेश है कि कारीगर सहायता का मोहताज नहीं, बल्कि देश के निर्माण में भागीदार है।
उन्होंने पंजाब के प्रत्येक कारीगर भाई से अपील की कि वे इन योजनाओं का लाभ अवश्य उठाएं। उन्होंने विश्वास दिलाया कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता इस कार्य में उनके साथ खड़ा है।
अंत में श्री ढिल्लों ने कहा कि पंजाब को दोबारा खुशहाल बनाना है तो इसकी शुरुआत कुशल हाथों के सम्मान से करनी होगी। उन्होंने एक बार फिर समस्त संगत को भगवान विश्वकर्मा जी के प्रकाश पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर केवल सिंह ढिल्लों ने जरूरतमंदों को सिलाई मशीनें भी वितरित कीं। बाबा विश्वकर्मा भवन की प्रबंधक समिति एवं पदाधिकारियों द्वारा केवल सिंह ढिल्लों का विशेष सम्मान भी किया गया।
इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश महासचिव रजनीश धीमान, प्रदेश कोषाध्यक्ष गुरदेव देबी शर्मा, जिला अध्यक्ष सुनील मौदगिल, प्रवीण बंसल, रणजीत कुमार मल्ल, सतीश कुमार वर्मा, निर्मलजीत सिंह, सरदार अमरजीत सिंह टीका, जिला महासचिव हर्ष शर्मा, शीनू चुघ, उपाध्यक्ष सरबजीत सिंह काका, दविंदर जग्गी, सरदार गुरदीप सिंह नीतू, गुरदीप सिंह गोशा, सतनाम सिंह सेठी, नवल जैन तथा मीडिया सचिव डॉ. सतीश कुमार ,सौरव कपूर,सचिन मौदगिल सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
-kewalsinghdhillon-vishwakarmajayanti-pmvishwakarmayojana-ludhiananews-punjabbjp