नई दिल्ली। पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष परगट सिंह ने दिल्ली में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और पार्टी पदाधिकारियों से मुलाकात कर पंजाब में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने तथा पार्टी की गतिविधियों को आगे बढ़ाने को लेकर विस्तृत चर्चा की।
परगट सिंह ने AICC महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल से मुलाकात की। इस दौरान पंजाब में कांग्रेस संगठन को और मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने तथा पार्टी के संगठनात्मक कामकाज को आगे बढ़ाने पर विचार-विमर्श हुआ।
उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की पत्नी श्रीमती गुरशरण कौर से भी मुलाकात की। परगट सिंह ने उनका आशीर्वाद लिया और डॉ. मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके सरल स्वभाव, ईमानदारी और राष्ट्र के प्रति समर्पण को याद किया।
इसके अलावा परगट सिंह ने AICC मुख्यालय में SC विभाग के चेयरमैन राजेंद्र पाल गौतम से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ समाज के प्रत्येक वर्ग के अधिकार, सम्मान और समानता के लिए काम करने को लेकर सार्थक चर्चा हुई।
परगट सिंह ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता अंबिका सोनी से उनके दिल्ली स्थित आवास पर भी मुलाकात की। उन्होंने पंजाब में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के प्रयासों के लिए अंबिका सोनी से मार्गदर्शन और आशीर्वाद लिया।
इस दौरान AICC की पंजाब मीडिया टीम के साथ भी परगट सिंह की बैठक हुई, जिसमें पंजाब में पार्टी के मीडिया एवं संगठनात्मक कामकाज को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
परगट सिंह ने इन मुलाकातों के दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेताओं द्वारा दिए गए मार्गदर्शन और शुभकामनाओं के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पंजाब में कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर पूरी प्रतिबद्धता से काम किया जाएगा।