लुधियाना में 24x7 वाटर सप्लाई प्रोजेक्ट को लेकर प्रधानमंत्री से हस्तक्षेप की मांग
Oct4,2026
| Jagrati Lahar Bureau | Ludhiana
सड़कों की लंबी कटिंग और खराब रीस्टोरेशन का मुद्दा उठाया, स्वतंत्र जांच की मांग
लुधियाना, 4 अक्टूबर: लुधियाना में वर्ल्ड बैंक की सहायता से चल रहे 24x7 वाटर सप्लाई प्रोजेक्ट के तहत सड़कों की कटिंग और पाइपलाइन बिछाने के काम को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता अरविंद शर्मा और जसविंदर सिंह शैमी ने प्रधानमंत्री को पत्र भेजकर हस्तक्षेप की मांग की है।
पत्र में आरोप लगाया गया है कि शहर के विभिन्न हिस्सों में परियोजना के तहत लंबे सड़क हिस्सों को एक साथ खोदा जा रहा है, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शिकायतकर्ताओं के अनुसार, अलग-अलग स्थानों पर करीब 20 किलोमीटर सड़कें प्रभावित होने की बात सामने आ रही है।
उन्होंने कहा कि सड़क की खुदाई के बाद निर्धारित समय में उसकी उचित बहाली की जानी चाहिए, लेकिन कई स्थानों पर रीस्टोरेशन में देरी या कथित तौर पर घटिया कार्य के कारण गहरी खुदाई, असमतल सड़कें और बिखरी मिट्टी से लोगों को परेशानी हो रही है। उनके अनुसार, इससे वाहन चालकों, स्कूल बसों और दोपहिया वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है तथा हादसों का खतरा भी बढ़ रहा है।
शिकायतकर्ताओं ने प्रधानमंत्री कार्यालय से परियोजना के कार्यों की स्वतंत्र जांच या ऑडिट करवाने की मांग की है। उन्होंने सड़क कटिंग की निर्धारित प्रक्रिया, अब तक खोदी गई सड़कों की लंबाई, रीस्टोरेशन के लिए तय समय और वास्तविक बहाली कार्यों की जांच करवाने का आग्रह किया।
इसके अलावा खुदाई वाली जगहों पर बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड, पर्याप्त रोशनी और ट्रैफिक प्रबंधन की व्यवस्था की भी जांच करने तथा नियमों की अनदेखी पाए जाने पर संबंधित ठेकेदारों या अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने की मांग की गई है।
अरविंद शर्मा और जसविंदर सिंह शैमी ने कहा कि 24x7 वाटर सप्लाई प्रोजेक्ट का उद्देश्य लुधियाना के लोगों को बेहतर जलापूर्ति उपलब्ध करवाना है। इसलिए परियोजना के कार्यों के दौरान जनसुरक्षा, पारदर्शिता और निर्धारित तकनीकी एवं अनुबंध शर्तों का पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने मांग की कि जहां संभव हो, पहले खोदी गई सड़क की उचित बहाली के बाद ही अगले हिस्से की खुदाई की जाए।
-ludhiananews-24x7watersupply-worldbankproject-roadrestoration-ludhianaroads