फाजिल्का, 20 सितंबर। पंजाब में नशे के खिलाफ भाजपा की ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ का तीसरा चरण आज फाजिल्का के आसफवाला 1971 युद्ध स्मारक से शुरू हुआ। केंद्रीय कानून एवं न्याय राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने यात्रा को रवाना किया। इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
यात्रा के दौरान शहीदों को श्रद्धांजलि देने के बाद भाजपा नेताओं ने नशे के खिलाफ जनजागरूकता और लोगों की भागीदारी बढ़ाने का संदेश दिया। यात्रा फाजिल्का से आगे बल्लुआना और अबोहर की ओर बढ़ी। अबोहर में जनसभा का कार्यक्रम भी रखा गया।
आप के विरोध से बढ़ा राजनीतिक तापमान
भाजपा की यात्रा को लेकर आम आदमी पार्टी और भाजपा के बीच राजनीतिक खींचतान भी देखने को मिल रही है। यात्रा के विरोध में आप कार्यकर्ताओं द्वारा पहले के पड़ावों पर काले झंडे दिखाए जाने और नारेबाजी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। विरोध करने वाले आप नेताओं का कहना है कि नशे जैसे गंभीर मुद्दे पर राजनीति करने के बजाय इसके खिलाफ ठोस कार्रवाई होनी चाहिए।
अमलोह में आप वर्करो द्वारा काले झंडे दिखाये गए.
टकराव रोकने के लिए पुलिस अलर्ट
भाजपा की यात्रा के दौरान दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के आमने-सामने आने की आशंका को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के इंतजाम किए गए। यात्रा के मार्ग और कार्यक्रम स्थलों पर पुलिस की मौजूदगी रही, ताकि किसी भी तरह के टकराव या अव्यवस्था को रोका जा सके।
भाजपा की ओर से यात्रा के जरिए पंजाब के अलग-अलग इलाकों में नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने और लोगों से संवाद करने का अभियान चलाया जा रहा है। आज का चरण फाजिल्का से शुरू होकर अबोहर की ओर बढ़ा।