आकाशवाणी लुधियाना के प्रांगण में मनाया हिंदी दिवस
Sep20,2026
| Gautam Jalandhari | Ludhiana
कविता पाठ प्रतियोगिता में आरजे कुलदीप सिंह प्रथम और रिणी शर्मा द्वितीय स्थान पर
लुधियाना, 20 सितंबर। ऑल इंडिया रेडियो के आकाशवाणी लुधियाना केंद्र की ओर से हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में स्टेशन निदेशक करमवीर करन के नेतृत्व में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में डॉ. नीरोज़मा मोदगिल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान आकाशवाणी के आरजे एवं स्टाफ सदस्यों ने हिंदी भाषा के प्रति अपनी रुचि और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत निबंध प्रतियोगिता से हुई। इसके बाद आयोजित कविता पाठ प्रतियोगिता में आरजे कुलदीप सिंह ने प्रथम तथा आरजे रिणी शर्मा ने द्वितीय स्थान हासिल किया। इसी तरह लघु भाषण प्रतियोगिता में आरजे गुरविंदर सिंह प्रथम और बीए नीरू ठाकुर द्वितीय स्थान पर रहीं। प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने अपनी रचनाओं और विचारों के माध्यम से हिंदी भाषा के प्रति अपनी रुचि, ज्ञान और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।
मुख्य अतिथि डॉ. नीरोज़मा मोदगिल ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति के मन में विचारों और भावनाओं का एक संसार होता है, जिसे कविता या लेखन के माध्यम से अभिव्यक्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जब भी समय मिले, अपने विचारों को लिखित रूप देने का प्रयास करना चाहिए। लेखन की आदत न केवल मन की भावनाओं को व्यक्त करने का माध्यम है, बल्कि इससे रचनात्मक सोच भी मजबूत होती है।
उन्होंने कहा कि किसी भी भाषा की प्रगति के लिए उसका दैनिक जीवन में अधिक से अधिक प्रयोग किया जाना आवश्यक है। हिंदी भाषा का साहित्यिक पक्ष बेहद समृद्ध है और युवाओं को इससे जोड़ने के लिए ऐसे साहित्यिक एवं रचनात्मक कार्यक्रम महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर स्टेशन निदेशक करमवीर करन ने हिंदी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य भाषा के प्रति प्रेम और साहित्यिक रुचि को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि आकाशवाणी की ओर से भाषा और साहित्य के प्रचार-प्रसार के लिए लगातार प्रयास किए जाते हैं।
कार्यक्रम में आरजे रिणी शर्मा, आरजे कुलदीप सिंह, आरजे गुरविंदर सिंह, आरजे संदीप कौर, आरजे जयदीप सिंह, आरजे मनप्रीत कौर, आरजे आक्षदीप द्विवेदी, आरजे विनायक शर्मा, आरजे सिमरनप्रीत कौर, आरजे मनिंदर कौर, सरबजीत सिंह, बीए सिमरन कौर, बीए परमजीत सिंह अरमान, बीए नीरू ठाकुर, बीए रीना ढिल्लों, बीए राघव अरोड़ा, अर्जुन सिंह, राहुल कुमार आदि उपस्थित रहे।
-hindidiwas-akashvaniludhiana-ludhiananews-hindilanguage-hindiliterature