राजेंद्र सिंह जादौन
चंडीगढ़, 21 सितंबर। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार को जनता से किए गए वादों को पूरा न करने का आरोप लगाते हुए कहा कि आप पार्टी ने पंजाब की जनता से नशा खत्म करने, युवाओं को रोजगार देने, किसानों की फसल खरीदने और महिलाओं को आर्थिक सहायता देने के बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन 5 साल होने के बाद भी इन्होंने वादे पूरे नहीं किए। आप पार्टी ने महिलाओं, किसानों, गरीबों के साथ धोखा किया, यह धोखेबाज सरकार है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सोमवार को पंजाब के फाजिल्का जिले के सितो में आयोजित नशा विरोधी यात्रा— नशा मुक्त पंजाब कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। नायब सिंह सैनी ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने सत्ता में आने से पहले बड़े—बड़े वादे किए थे कि नशे को खत्म करेंगे, युवाओं को रोजगार देने का काम करेंगे, पंजाब को रंगला बनाने का काम करेंगे। लेकिन बड़े दुख की बात है कि यह सिर्फ वोट लेने के लिए कही गई बातें थी। आज पंजाब की जनता बताए कि पंजाब में नशा बढ़ा है या घटा है। हकीकत ये है कि पंजाब में चार गुणा नशा बढ़ा है, चार गुणा पंजाब पर कर्ज बढ़ गया है, यह सोचने की बात है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो देख रहा था, जिसमें भगवंत मान कह रहे थे कि पहले कुछ लोग बोलते थे कि इन्हें अनुभव नहीं है काम का, लेकिन अब हमें अनुभव हो गया है। नायब सिंह सैनी भगवंत मान पर कटाक्ष करते हुए कहा कि मान साहब आपको अनुभव हो गया है नशे को बढ़ाने का, नशे में युवाओं को फंसाने का, प्रदेश में भ्रष्टाचार को बढ़ाने का, कैसे पैसा लूटना है, कहां से लूटना है, फिरोतियों का पैसा कौन मांगता है, ये अनुभव आप पार्टी की सरकार को हो गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज युवाओं को बचाने और उन्हें संभालना एक चुनौती है। पंजाब जो कभी अपने शूरवीरों के लिए और कुश्ती-कबड्डी के लिए पूरे देश का गौरव होता था, उसे एक गहरी साजिश और राज्य सरकार की नाकामी के कारण नशे की आग में धकेलने का काम किया गया। आम आदमी पार्टी की सरकार ने पंजाब के लोगों की भावनाओं के साथ मजाक किया है। ये सरकार माफ करने लायक नहीं है।
नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस ने भी ये कहा था कि नशे को खत्म करेंगे, भ्रष्टाचार को खत्म करेंगे, रोजगार देंगे, लेकिन कांग्रेस राज में भी पंजाब में नशा बढ़ा, नौकरी भी नहीं लगी। कांग्रेस ने जो बातें कही थी, उनको कभी पूरा नहीं किया। दूसरी तरफ, चुनावों से पहले अरविंद केजरीवाल मंच से कहते थे कि हम ईमानदार हैं, हमारी पार्टी कट्टर ईमानदार है। 3 से 6 महीने में नशा खत्म करेंगे, युवाओं को रोजगार देंगे, किसानों की फसल को एमएसपी पर खरीदने का काम करेंगे, 3 लाख रोजगार देने का काम करेंगे। लेकिन वास्तविकता सब जानते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया के साथ मंच पर बैठकर पंजाब के युवाओं को ये बताएं कि कितने युवाओं को रोजगार देने का काम किया, नशे को खत्म करने के लिए क्या किया। परन्तु ये लोग सिर्फ चुटकुले मारना ही जानते हैं, ये काम नहीं करते।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवंत मान ने तारीखों पर तारीखें दी कि हम नशा खत्म कर देंगे, लेकिन कुछ नहीं किया। अब एक नया ड्रामा खड़ा करके कहने लगे हैं कि युद्ध नशे के विरुद्ध। ये पंजाब के लोगों के पैसे से टीवी पर इश्तिहार देकर नशे को खत्म करना चाहते हैं, लेकिन धरातल पर नशे को बढ़ाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग मुझे आकर मिलते हैं, वे अपनी पीड़ा बताते हैं कि हम लोग कहां जाएं, कहां जाकर शिकायत करें। अभी हाल ही में देखा कि भगवंत मान की विधानसभा क्षेत्र में एक बाप ने अपने बेटे को बचाने के लिए आवाज मंत्री के सामने उठाई, उसको कैसे अपमानित किया गया, उसे सुसाइड करना पड़ गया। ये हाल पंजाब का हो गया है।
उन्होंने कहा कि मान साहब की एक वीडियो सुन रहा था, जिसमें वो कह रहे थे कि हमारी सरकार ने नशे का कारोबार करने वाली 71 हजार लोगों की गिरफ्तारी की है। मान साहब ये बताएं कि पंजाब की जेलों में मात्र 35 हजार लोग ही आ सकते हैं, जबकि ये कह रहे हैं कि 71 हजार गिरफ्तारियां की। ये पंजाब के लोगों के सामने झूठ बोल रहे हैं और अपनी कमियों को छुपा कर फिर से वोट लेने की फिराक में हैं।