-लगातार 8 दिन डटे रहे कांग्रेसी कार्यकर्ता; नेताओं ने इसे दलित स्वाभिमान, संविधान और सामाजिक न्याय की जीत बताया
-भारतीय न्याय संहिता (BNS) और एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज; आरोपियों की गिरफ्तारी तक संघर्ष रहेगा जारी
-अगर राहुल गांधी पर दर्ज बदले की भावना वाला केस रद्द न हुआ तो फिर सड़कों पर उतरेंगे: कांग्रेस नेता
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद उत्तराखंड के हल्द्वानी स्थित रामलीला मैदान में किए गए कथित 'शुद्धिकरण' के असंवैधानिक कृत्य और विपक्ष के नेता श्री राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज की गई बदले की भावना वाली एफआईआर के विरोध में पंजाब कांग्रेस भवन में चल रहा क्रमिक धरना आज 8वें दिन सफलतापूर्वक समाप्त हो गया। उत्तराखंड पुलिस द्वारा कांग्रेस के दबाव के आगे झुकते हुए आरोपियों के खिलाफ हल्द्वानी कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196, 299 और एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(1)(r) के तहत मामला दर्ज किए जाने के बाद पार्टी नेतृत्व ने धरना समाप्त करने का फैसला लिया।
धरने की समाप्ति के अवसर पर सभा को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय समन्वयक सुधीर चौधरी, सह-प्रभारी मनी राम और प्रदेश अध्यक्ष गुरप्रीत सिंह लक्की पक्खो ने कहा कि लगातार 8 दिनों के कड़े संघर्ष ने साबित कर दिया है कि कांग्रेस पार्टी बाबा साहेब डॉ. बी.आर. आंबेडकर के संविधान और दबे-कुचले समाज के मान-सम्मान पर कोई समझौता नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा शासित राज्य में दलित समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष के अपमान के खिलाफ कार्रवाई करवाने के लिए महीना भर संघर्ष करना पड़ा, जबकि दलितों के हक में आवाज उठाने वाले श्री राहुल गांधी पर तुरंत झूठा मुकदमा दर्ज कर दिया गया था।
नेताओं ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि भले ही एफआईआर दर्ज होने के बाद धरना स्थगित कर दिया गया है, लेकिन हमारी नजर प्रशासनिक कार्रवाई पर रहेगी। यदि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया और श्री राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज राजनीतिक दुर्भावना वाला केस रद्द नहीं हुआ, तो यह संघर्ष पंजाब के हर ब्लॉक और जिले में सड़कों पर उतरेगा।
इस अवसर पर राष्ट्रीय समन्वयक सुधीर चौधरी जी, सह-प्रभारी मनी राम जी, प्रदेश अध्यक्ष गुरप्रीत सिंह लक्की पक्खो, कार्यकारी अध्यक्ष यामिनी गोमर, बनी खैहरा, मोहन सिंह फलियांवाला, डॉ. जीवनजोत कौर भट्टी, नाहर सिंह फिरोजपुर, अश्वनी कुमार जालंधर, दर्शन सिंह शुतराणा, हरविंदर सिंह गुरदासपुर, प्रिंसिपल सुक्खन सिंह (उपाध्यक्ष), जिला अध्यक्ष मोहाली रणजीत सिंह, लखविंदर सिंह (फतेहगढ़ साहिब), अजमेर सिंह (रूपनगर) सहित बड़ी संख्या में पार्टी के नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।