राजेंद्र सिंह जादौन
चंडीगढ़, 20 सितंबर। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि नवंबर से 1.80 लाख रुपये तक वार्षिक आय वाले परिवारों की पात्र महिलाओं को दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ मिलेगा। योजना के तहत महिलाओं को हर महीने 2,100 रुपये देने का प्रावधान है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 17 सितंबर को योजना का विस्तार करते हुए अब 1.80 लाख रुपये तक वार्षिक आय वाले परिवारों को भी इसके दायरे में शामिल किया गया है।मुख्यमंत्री रविवार को लाडवा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रमों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में प्रदेश के करीब 2 लाख युवाओं को योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरियां दी गई हैं। उनके अनुसार अब ग्रुप-डी से लेकर एचसीएस तक की नौकरियों में चयन योग्यता के आधार पर किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने चुनाव से पहले किए गए 217 वायदों में से अब तक 70 पूरे कर दिए हैं और शेष वायदों पर भी तेजी से काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में सड़क और राष्ट्रीय राजमार्गों के विस्तार का भी उल्लेख किया।
किसानों के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 24 फसलों की एमएसपी पर खरीद की जा रही है। उन्होंने भावांतर भरपाई योजना का जिक्र करते हुए कहा कि मंडियों में फसल का भाव कम मिलने पर किसानों को भाव के अंतर की भरपाई सरकार द्वारा की जाती है। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा सरकार ने फसल खराबे के मुआवजे के रूप में किसानों को 16,500 करोड़ रुपये दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने लाडवा विधानसभा क्षेत्र के गांव कालीरानो, सुल्तानपुर, सोंटी और बीड़ सोंटी में विकास कार्यों के लिए कुल करीब 1.12 करोड़ रुपये की घोषणाएं कीं। कालीरानो में गांव के विकास के लिए 21 लाख और लाइब्रेरी की किताबों के लिए 2 लाख रुपये देने की घोषणा की गई। सुल्तानपुर में विकास कार्यों के लिए 21 लाख तथा गुरुद्वारा साहिब के लिए 5 लाख रुपये देने की घोषणा हुई।
सोंटी और बीड़ सोंटी में गांव के विकास तथा गुरुद्वारा साहिब के लिए 21-21 लाख रुपये देने की घोषणाएं की गईं। इस अवसर पर पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, मुख्यमंत्री के ओएसडी महेंद्र सैनी सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।