हरियाणा के हिसार में गोलियां बरसा कर शराब ठेकेदार की हत्या
Oct5,2026
| Rajender Singh Jadon | Chandigarh
राजेंद्र सिंह जादौन
चंडीगढ़, 5अक्टूबर । हरियाणा के हिसार में रविवार देर रात फिर गोलियां बरसाकर शराब ठेकेदार की हत्या कर दी गई। बचने के लिए भाग रहे उसके साथी को भी 3 गोलियां लगीं। घटना कैमरी रोड स्थित बॉक्स क्रिकेट ग्राउंड की है। बाइक पर आए तीन नकाबपोश बदमाशों ने दोनों पर फायरिंग की।
घटना की सूचना मिलते ही आजाद नगर थाने से पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। जांच के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि दोनों पर हमला क्यों किया गया। घायल का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
घटना से कुछ देर पहले इसी ग्राउंड पर क्रिकेट मैच हुआ था। आजाद नगर थाने के प्रभारी मनदीप कुमार भी मैच में खेल रहे थे। मैच खत्म होने के 20 से 25 मिनट बाद ग्राउंड पर फायरिंग हुई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक की पहचान हरिता गांव निवासी नरेश (34) के रूप में हुई है। वह दो बच्चों- बेटा-बेटी का पिता था। नरेश शराब के ठेके के अलावा क्रिकेट ग्राउंड में कैंटीन भी चलाता था। नरेश के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं।रविवार रात 11:45 बजे नरेश अपने साथी बयाना खेड़ा निवासी धर्मबीर के साथ क्रिकेट ग्राउंड पर मौजूद था। उस दौरान ग्राउंड पर 35 से 40 लोग मौजूद थे। तभी बाइक पर तीन नकाबपोश बदमाश आए और नरेश पर फायरिंग कर दी। नरेश के माथे, सीने और हाथ में तीन गोलियां लगीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बदमाशों ने धर्मबीर पर भी फायरिंग की। धर्मबीर बचने के लिए भागा, लेकिन उसे भी तीन गोलियां लगीं और वह मौके पर ही गिर गया। इसके बाद बदमाश फरार हो गए। इसके बाद ग्राउंड पर मौजूद लोग भागकर नरेश और धर्मबीर के पास पहुंचे। नरेश की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। जबकि, धर्मबीर की सांसें चल रही थीं। आजाद नगर थाने से जांच अधिकारी जयवीर सिंह ने बताया कि रात को फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। नरेश की मौत हो चुकी थी, जबकि उसके घायल साथी को अन्य लोग अस्पताल ले गए थे। मौके पर 15 से 16 राउंड फायरिंग होने की बात सामने आई है। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें लगी हुई हैं।जिस ग्राउंड पर नरेश की हत्या हुई, वहां घटना से कुछ देर पहले क्रिकेट मैच हुआ था। मैच का यूट्यूब पर लाइव प्रसारण भी किया गया था। इसमें डिस्ट्रिक्ट हिसार पुलिस और द माइनिंग वॉरियर्स की टीमें आमने-सामने थीं। द माइनिंग वॉरियर्स ने मैच जीता था। मैच के बाद हुई अवॉर्ड सेरेमनी में नरेश ने आजाद नगर थाना प्रभारी मनदीप कुमार के साथ भी फोटो खिंचवाई थी।
-hisarcrime-hisarnews-liquorcontractormurder-haryanacrime-policeinvestigation