राजेंद्र सिंह जादौन
चंडीगढ़ 5 अक्टूबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सात अक्टूबर को देश के 750 जिलों में एक साथ ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ को लाइव संबोधित करेंगे। हरियाणा में इसका सबसे बड़ा राजनीतिक आयोजन गुरुग्राम में होगा जहां केंद्रीय गृह व सहकारिता मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, भाजपा प्रदेश प्रभारी स्मृति इरानी, सह प्रभारी भोला सिंह और प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता प्रधानमंत्री का संबोधन सुनेंगे।
हरियाणा प्रदेश के सभी जिलों में सांसदों, मंत्रियों और विधायकों की मौजूदगी में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन महज सरकारी कार्यक्रम न होकर प्रधानमंत्री के संदेश को ग्रहण करने वाला होगा। हरियाणा भाजपा में हाल में नई जिम्मेदारिया दी गई है। अर्चना गुप्ता प्रदेश अध्यक्ष हैं, जबकि स्मृति इरानी और भोला सिंह को प्रदेश प्रभारी और सह प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। ऐसे में सात अक्टूबर को नई टीम पहली बार एकजुट होगी। प्रधानमंत्री का संबोधन जहां विकास और सरकार की योजनाओं का संदेश देगा, वहीं गुरुग्राम का मंच यह भी दिखाएगा कि प्रदेश सरकार और भाजपा संगठन किस तरह एक साथ खड़े हैं।
स्मृति इरानी के लिए यह दौरा विशेष महत्व रखता है। प्रदेश प्रभारी बनने के बाद हरियाणा में यह उनका पहला दौरा होगा। हालांकि इस दिन पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ अलग से मुलाकात तय नहीं है। इसलिए असली संगठनात्मक संपर्क उनके अगले विधिवत दौरे से होगा। सांसदों, विधायकों, प्रदेश पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संवाद के दौरान प्रदेश भाजपा की वास्तविक स्थिति, संगठन की प्राथमिकताएं और सरकार के साथ तालमेल जैसे मुद्दे सामने आएंगे।