खन्ना में पंजाब स्टेट एड्स कंट्रोल सोसाइटी के सहयोग से डॉ. डी.एन. कोटनिस एक्यूपंक्चर हॉस्पिटल एंड एजुकेशनल सेंटर, लुधियाना के टीआई प्रोजेक्ट द्वारा नशे और HIV/AIDS के प्रति जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान नशा विरोधी जागरूकता मार्च निकाला गया और लोगों को सुरक्षित स्वास्थ्य व्यवहार, HIV/AIDS से बचाव, जांच, परामर्श एवं उपचार संबंधी जानकारी दी गई।
डीएसपी गब्बर सिंह ने मार्च को हरी झंडी दिखाते हुए कहा कि नशे की समस्या से निपटने के लिए प्रशासन, स्वास्थ्य संस्थाओं, सामाजिक संगठनों और आम लोगों के सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। सरबत दा भला ट्रस्ट के अध्यक्ष जसवंत सिंह छापा ने नशे से प्रभावित लोगों के प्रति भेदभाव के बजाय उन्हें उपचार और समाज की मुख्यधारा से जोड़ने पर जोर दिया।
प्रोजेक्ट डायरेक्टर डॉ. इंदरजीत सिंह ने बताया कि टीआई प्रोजेक्ट के माध्यम से नशा प्रभावित एवं जोखिमग्रस्त लोगों को काउंसलिंग, HIV स्क्रीनिंग, नीडल-सिरिंज एक्सचेंज और उपचार सेवाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए परिवार, शिक्षण संस्थानों, सामाजिक संस्थाओं और प्रशासन के संयुक्त प्रयासों की आवश्यकता बताई।