सेवा संकल्प अभियान के तहत बरवाला में भाषण एवं पेंटिंग प्रतियोगिता
Sep19,2026
| Rajender Singh Jadon | Chandigarh
सेवा संकल्प अभियान के तहत लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने शनिवार को हिसार के बरवाला स्थित डी.एम. सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित भाषण एवं पेंटिंग प्रतियोगिता कार्यक्रम में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने प्रतिभाशाली विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत किए गए ओजस्वी भाषणों एवं सुंदर चित्रकारी का अवलोकन किया और उनकी प्रतिभा की सराहना की।
मंत्री ने विद्यार्थियों की रचनात्मक सोच, प्रतिभा और उत्साह देखकर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि हमारे युवा और विद्यार्थी ही देश के उज्ज्वल भविष्य की नींव हैं। विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने के लिए उन्हें उचित मंच और प्रोत्साहन प्रदान करना हम सभी की जिम्मेदारी है। भाषण एवं पेंटिंग जैसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, सृजनात्मक क्षमता और अभिव्यक्ति कौशल को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
मंत्री ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य जनसेवा के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना तथा सेवा, सुशासन और जनभागीदारी की भावना को और अधिक मजबूत करना है। इस अभियान के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को विकास, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, विद्यार्थियों की प्रतिभा और समाज की सक्रिय भागीदारी से ही विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संकल्प साकार होगा। विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ रचनात्मक गतिविधियों, सामाजिक सरोकारों और राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करना समय की आवश्यकता है। इस अवसर पर पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा, रणधीर धीरू सहित अन्य गणमान्य नागरिक एवं बरवाला वासी उपस्थित रहे।
-sevasankalpabhiyan-barwala-hisarnews-studenttalent-haryanagovernment