बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र के विकास में नहीं रहने दी जाएगी कोई कमी — राव नरबीर सिंह
Sep19,2026
| Rajender Singh Jadon | Chandigarh
चंडीगढ़ 19 सितंबर । हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि बादशाहपुर विधानसभा प्रदेश की सबसे बड़ी विधानसभा है। इसका क्षेत्रफल काफी विस्तृत है और इसका हिस्सा दो नगर निगम क्षेत्रों में आता है। बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र तेजी से विकसित हो रहा है और यहां भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है। हरियाणा सरकार क्षेत्र के समग्र विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है और विकास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी।
उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री शनिवार को गुरुग्राम के सेक्टर 47 स्थित यूनिवर्ल्ड गार्डन -2 में आयोजित जनसमस्या सुनवाई कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुन रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने जिस विश्वास, आशा और उम्मीद के साथ तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी को प्रदेश की सेवा करने का अवसर दिया है, उस विश्वास पर खरा उतरना सरकार की प्राथमिकता है। जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों द्वारा विकास से संबंधित जो भी मांगें उनके समक्ष रखी जाएंगी, उनका नियमानुसार परीक्षण करवाकर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर धरातल पर मूर्त रूप दिया जाएगा।
उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री ने गोदरेज एरिस्टोक्रेट सोसायटी में सेक्टर 49 को गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड से जोड़ने वाली 24-मीटर सेक्टर रोड का उद्घाटन भी किया। गोदरेज प्रॉपर्टीज द्वारा निर्मित इस सड़क मार्ग के बनने से यहां के 30 हजार के करीब निवासियों तथा स्कूली बच्चों को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। इस दौरान उन्होंने वहां उपस्थितजन को संबोधित करते हुए कहा कि शहरी क्षेत्र में 24 मीटर रोड का निर्माण एक बड़ा विषय है, जिसको लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी अधिकारियों के साथ विभिन्न दौर की बैठक कर चुके हैं। हरियाणा सरकार जल्द ही 24 मीटर रोड को लेकर एक नीति लेकर आएगी, जिससे क्षेत्र के लोगों को सुविधा मिल सके और इस विषय से जुड़ी समस्याओं का उचित समाधान किया जा सके। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि विकास कार्यों में आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो। क्षेत्र की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए नीतिगत स्तर पर निर्णय लिए जा रहे हैं।
राव नरबीर सिंह ने कहा कि गुरुग्राम जिले की जनता ने वर्ष 2014, 2019 तथा 2024 में भारतीय जनता पार्टी को पूर्ण बहुमत देकर अपना विश्वास व्यक्त किया है। वर्तमान में गुरुग्राम की जो भी समस्याएं हैं, उनका समयानुसार समाधान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के दौरान जहां भी कोई कमी सामने आ रही है, उसे दुरुस्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम तेजी से विकसित हो रहा है और बढ़ती आबादी तथा शहरी विस्तार के साथ यहां आधारभूत सुविधाओं को लगातार मजबूत करने की आवश्यकता है। सरकार क्षेत्र की वर्तमान जरूरतों के साथ-साथ भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकास योजनाओं को आगे बढ़ा रही
राव नरबीर सिंह ने कहा कि गुरुग्राम एनसीआर का प्रमुख जिला है। पर्यावरण को संरक्षित रखने के लिए सरकार द्वारा विभिन्न योजनाएं एवं अभियान क्रियान्वित किए जा रहे हैं, लेकिन कोई भी योजना जनता की सहभागिता के बिना अपने निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त नहीं कर सकती। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए पर्यावरण संरक्षण की इस सार्थक मुहिम में सक्रिय सहयोग देना चाहिए।
उन्होंने नागरिकों से सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग नहीं करने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में खुशी के अवसर पर कम से कम एक पौधा जरूर लगाए। उन्होंने कहा कि केवल पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी अगले पांच वर्षों तक नियमित रूप से देखभाल भी की जानी चाहिए, ताकि वह पौधा पेड़ का रूप ले सके। राव ने कहा कि आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण की मजबूत नींव बन सकता है।
-raonarbirsingh-badshahpur-gurugramdevelopment-haryanagovernment-gurugramnews