शिवराज सिंह चौहान ने पंजाब को नशा मुक्त बनाने के लिए जनभागीदारी का किया आह्वान
Sep19,2026
| Jagrati Lahar Bureau | Chandigarh
21 सितंबर को तलवंडी साबो से चौथी ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ को करेंगे रवाना
चंडीगढ़, 19 सितंबर। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पंजाब में नशे की समस्या को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए लोगों से नशे के खिलाफ जागरूकता और सामूहिक प्रयासों में भाग लेने का आह्वान किया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जारी वीडियो संदेश में उन्होंने कहा कि नशे के कारण कई परिवार प्रभावित हुए हैं और युवाओं को भी इसका नुकसान उठाना पड़ा है।
भारतीय जनता पार्टी की ओर से ‘भाजपा का नारा, नशा मिटाना सारा’ संकल्प के तहत 18 से 30 सितंबर तक ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ आयोजित की जा रही है। यात्रा की शुरुआत 18 सितंबर को पठानकोट के माधोपुर से हुई थी। इसी क्रम में 21 सितंबर को तख्त श्री दमदमा साहिब, तलवंडी साबो में अरदास के बाद शिवराज सिंह चौहान और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी चौथी यात्रा को रवाना करेंगे।
शिवराज सिंह चौहान ने अपने संदेश में पंजाब के लोगों से नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने और इस अभियान में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने और पंजाब को नशा मुक्त बनाने के लिए समाज के सभी वर्गों की सहभागिता जरूरी है।
उन्होंने पंजाब सरकार पर नशे की समस्या से निपटने में अपेक्षित सफलता नहीं मिलने का आरोप भी लगाया और कहा कि इस दिशा में समाज को मिलकर प्रयास करने की जरूरत है। उन्होंने पंजाब के लोगों से 21 सितंबर को तलवंडी साबो में आयोजित यात्रा में शामिल होने का आह्वान किया।
-shivrajsinghchouhan-nashamuktpunjab-nashamuktpunjabyatra-talwandisabo-punjabbjp