— नेटवर्क की आगे और पीछे की कड़ियों का पता लगाने के लिए जांच जारी: आईजी गुरप्रीत भुल्लर
कुमार सोनी
चंडीगढ़/अमृतसर, 4 अक्टूबर:
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के तहत पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अवैध हथियार एवं विस्फोटक सप्लाई नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक AK-47 असॉल्ट राइफल, एक मैगजीन, 9 जिंदा कारतूस और दो हैंड ग्रेनेड बरामद किए हैं। यह जानकारी पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने रविवार को दी। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नवजोत सिंह (28), निवासी चीमा, तरनतारन के रूप में हुई है। वह पेशे से ट्रक चालक है। पुलिस टीमों ने हथियार और विस्फोटक बरामद करने के साथ-साथ उस मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है, जिसका इस्तेमाल आरोपी खेप पहुंचाने के लिए कर रहा था। गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी के विदेशी तस्करों से कथित संबंध थे और वह उनके निर्देश पर अवैध हथियार हासिल कर रहा था। उन्होंने कहा कि पूरे नेटवर्क का पता लगाने और उसकी आगे तथा पीछे की कड़ियों को स्थापित करने के लिए जांच जारी है।
ऑपरेशन की जानकारी देते हुए आईजी बॉर्डर रेंज गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि पुख्ता खुफिया सूचना के आधार पर पुख्ता खुफिया सूचना के आधार पर अमृतसर ग्रामीण पुलिस की विशेष टीमों ने लक्षित अभियान चलाया और मोटरसाइकिल पर जा रहे आरोपी को काबू किया। तलाशी के दौरान पुलिस ने एक AK-47 असॉल्ट राइफल, मैगजीन, जिंदा कारतूस और दो जिंदा हैंड ग्रेनेड बरामद किए।एसएसपी अमृतसर ग्रामीण कंवलप्रीत सिंह चहल ने बताया कि यह ऑपरेशन एसपी (इन्वेस्टिगेशन) रमनदीप सिंह, डीएसपी गुरिंदरपाल सिंह नागरा और डीएसपी अटारी यादविंदर सिंह की निगरानी में चलाया गया। इस संबंध में FIR नंबर 425, दिनांक 30-09-2026, थाना घरिंडा, अमृतसर ग्रामीण में आर्म्स एक्ट की धारा 25(8) तथा एक्सप्लोसिव सब्सटेंस एक्ट की धाराओं 3, 4 और 5 के तहत मामला दर्ज किया गया है।