फतेहगढ़ साहिब में भाजपा की ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ की दूसरी यात्रा रवाना
फतेहगढ़ साहिब, 19 सितंबर। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पंजाब में नशे की समस्या को लेकर चिंता जताते हुए लोगों से नशे के खिलाफ सामूहिक प्रयासों में शामिल होने की अपील की। वह भाजपा पंजाब की ओर से निकाली जा रही ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ की दूसरी यात्रा को रवाना करने से पहले फतेहगढ़ साहिब में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रही थीं।
यात्रा रवाना करने से पहले रेखा गुप्ता ने ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब में माथा टेककर पंजाब को नशामुक्त बनाने के लिए अरदास की। इसके बाद उन्होंने पंजाब भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों, पंजाब प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनप्रीत सिंह बादल की मौजूदगी में यात्रा को हरी झंडी दिखाई।
अपने संबोधन में गुप्ता ने पंजाब सरकार की नशे के खिलाफ कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए और कहा कि इस समस्या से निपटने के लिए सरकार के साथ समाज की भागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने यात्रा को नशे, अपराध और असुरक्षा के खिलाफ जनजागरूकता का माध्यम बताया।
केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि यात्रा का उद्देश्य नशे के खिलाफ लोगों को जागरूक करना है। वहीं मनप्रीत सिंह बादल ने नशे की सप्लाई रोकने, प्रभावित लोगों के उपचार और नई पीढ़ी को नशे से बचाने पर जोर दिया। भाजपा नेताओं ने पंजाब को नशामुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों का आह्वान किया।