बीती रात फिल्लौर में अचानक तेज हवा और बारिश से कई जगहों पर नुकसान हुआ। मोहल्ला जगतपुरा (पंज डेरा) में एक घर के आंगन में एक बड़ा पेड़ जड़ से उखड़कर गिर गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घर के मालिक ने बताया कि रात को तेज हवा चलने से पेड़ उनके घर के आंगन में गिर गया। इस दौरान परिवार के एक सदस्य को चोटें भी आईं, जबकि एक छोटा बच्चा पेड़ की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया। परिवार ने प्रशासन से मांग की है कि गिरे हुए पेड़ को तुरंत हटाया जाए ताकि घर की तरफ जाने वाला रास्ता फिर से खुल सके।
इस मामले को लेकर मोहल्ला जगतपुरा पंज डेरा के अध्यक्ष ने कहा कि इलाके में तेज हवाओं के दौरान हर समय ऐसे हादसों का खतरा बना रहता है। उन्होंने कहा कि एक और सफेदे का पेड़ भी खतरनाक हालत में खड़ा है, जो कभी भी गिर सकता है और जान-माल का नुकसान हो सकता है। मोहल्ले के लोगों ने प्रशासन से अपील की है कि खतरनाक पेड़ों की तुरंत जांच की जाए और उन्हें काटा या हटाया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।