*आरोपी को धोखाधड़ी व आर्म्स एक्ट के मामले में मेडिकल के लिए लाया गया था सिविल अस्पताल
भीड़ का फायदा उठाकर पुलिस कर्मियों को धक्का देकर भागा - नाकाबंदी, जांच शुरू*
*लुधियाना 25 जून (पारस दानिया) : लुधियाना सिविल अस्पताल में बुधवार को पुलिस कस्टडी से एक शातिर आरोपी फरार हो गया। आर्म्स एक्ट और धोखाधड़ी के केस में गिरफ्तार आरोपी को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल लाया गया था, तभी वह पुलिस को धक्का देकर भीड़ में गायब हो गया। फरार आरोपी की पहचान *विपन कुमार* के रूप में हुई है। CCTV फुटेज में वह संतरी रंग की टी-शर्ट पहने अस्पताल परिसर से भागता हुआ कैद हुआ है। घटना के बाद पुलिस ने शहर में नाकाबंदी कर तलाश शुरू कर दी है।
*मेडिकल के बहाने पुलिस को दिया चकमा*
सिविल अस्पताल चौकी इंचार्ज ASI राजकुमार ने बताया कि आरोपी विपन कुमार जालंधर के बस्ती बावा खेल का रहने वाला है। इसे थाना डिवीजन नंबर-5 पुलिस ने गिरफ्तार किया था। इसके खिलाफ धारा 420 धोखाधड़ी और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज था।
23 जून को फीरोजपुर रोड से पकड़ी गई फॉर्च्यूनर गाड़ी केस में ASI पुरुषोत्तम लाल अपने साथी पुलिसकर्मी के साथ आरोपी को मेडिकल जांच के लिए सिविल अस्पताल लाए थे। मेडिकल के लिए ले जाते समय आरोपी ने मौका पाकर पुलिस अधिकारियों को धक्का दिया और अस्पताल की भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गया।
*CCTV में कैद हुई भागने की वारदात*
अस्पताल में लगे CCTV कैमरों में आरोपी साफ तौर पर संतरी रंग की टी-शर्ट पहने दौड़ता हुआ नजर आ रहा है। फुटेज के आधार पर पुलिस उसकी पहचान और भागने की दिशा की पुष्टि कर रही है।
*नाकाबंदी, पुलिस की टीमें लगा दी गईं*
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने पूरे शहर में नाकाबंदी कर दी है। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और शहर के एंट्री प्वाइंट पर सख्त चेकिंग शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
*लापरवाही पर जांच के आदेश*
चौंकी इंचार्ज राजकुमार ने बताया ASI पुरुषोत्तम लाल के बयानों पर पुलिस ने फरार हुए आरोपी विपन के खिलाफ IPC की धारा 224 = कस्टडी से भागना के तहत अलग से केस दर्ज कर लिया है। पुलिस गहन जांच में जुटी है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर किसी को आरोपी विपन कुमार के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। आरोपी के खिलाफ पहले भी धोखाधड़ी और आर्म्स एक्ट के केस दर्ज हैं, इसलिए इसे खतरनाक मानकर तलाश की जा रही है।