फिल्लौर में नाजायज कब्जों पर नगर कौंसिल का शिकंजा
Sep7,2026
| Naresh Sharma | Phillaur
सड़कों पर उतरी नगर कौंसिल की टीम, रेहड़ियां जब्त—दुकानदारों को दो टूक चेतावनी, दोबारा कब्जा किया तो कटेंगे चालान
फिल्लौर, 7 सितंबर। फिल्लौर शहर की सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर बढ़ते नाजायज कब्जों के खिलाफ नगर कौंसिल ने अब सख्त रुख अपना लिया है। सोमवार को नगर कौंसिल की टीम ने सैनिटरी इंस्पेक्टर दीप माला की अगुवाई में शहर के विभिन्न इलाकों में विशेष अभियान चलाते हुए सड़क किनारे किए गए कब्जों को हटाया। कार्रवाई के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर लगाई गई कई रेहड़ियां जब्त की गईं। नगर कौंसिल की अचानक हुई कार्रवाई से कब्जाधारियों में हड़कंप मच गया।
नगर कौंसिल अधिकारियों के अनुसार शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा आम लोगों को बाजारों और सड़कों पर आवाजाही में हो रही परेशानी से राहत दिलाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया है। सैनिटरी इंस्पेक्टर दीप माला ने कहा कि उच्च अधिकारियों के निर्देशों के साथ-साथ शहरवासियों की ओर से लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नाजायज कब्जों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
दुकानदारों को दुकान की हद में सामान रखने के निर्देश
अभियान के दौरान उन दुकानदारों को भी सख्त चेतावनी दी गई, जो अपनी दुकानों का सामान बाहर निकालकर सड़क, फुटपाथ अथवा सरकारी जमीन पर रख रहे थे। टीम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि दुकानदार अपना सामान दुकान की निर्धारित सीमा के भीतर ही रखें। सड़क या सार्वजनिक रास्ते पर सामान रखकर आम लोगों की आवाजाही में बाधा डालने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
सड़क पर रेहड़ी लगाकर रास्ता रोकने वालों पर कार्रवाई
नगर कौंसिल की टीम ने सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर रेहड़ियां लगाकर कब्जा करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की। कई रेहड़ियां जब्त की गईं। अधिकारियों ने साफ किया कि सार्वजनिक स्थान किसी व्यक्ति विशेष के कब्जे के लिए नहीं हैं और इनके कारण यातायात बाधित होने पर कार्रवाई की जाएगी।
‘हिदायत के बाद भी कब्जा किया तो सीधे कार्रवाई’
सैनिटरी इंस्पेक्टर दीप माला ने दुकानदारों और रेहड़ी-फड़ी संचालकों को दो टूक चेतावनी दी कि नगर कौंसिल की हिदायतों को नजरअंदाज करने वालों के खिलाफ नियमों के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। दोबारा कब्जा करने वालों के चालान काटे जाएंगे और जरूरत पड़ने पर अन्य कानूनी कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी।
नगर कौंसिल ने स्पष्ट किया कि फिल्लौर शहर को नाजायज कब्जों से मुक्त कर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाना उसकी प्राथमिकता है। अधिकारियों ने कहा कि यह कार्रवाई केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि आने वाले दिनों में भी अभियान लगातार जारी रखा जाएगा।
-amritsarruralpolice-crossbordersmuggling-illegalarms-heroinsmuggling-punjabpolice