पटियाला पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अंतरराज्यीय हथियार तस्करी गिरोह के दो सदस्य 7 पिस्तौल व 25 कारतूस समेत गिरफ्तार
Sep7,2026
| Sushil Kumar | Patiala
मध्य प्रदेश से हथियार लाकर पंजाब में आपराधिक तत्वों को सप्लाई करने का आरोप, गिरफ्तार आरोपियों में SSB जवान भी शामिल
पटियाला, 7 सितंबर । (सुशील कुमार सिंधी)
पटियाला पुलिस ने अंतरराज्यीय हथियार तस्करी गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को 7 पिस्तौल और 25 कारतूस समेत गिरफ्तार किया है। बरामद हथियारों में एक पिस्तौल .30 बोर तथा छह पिस्तौल .32 बोर की शामिल हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी मध्य प्रदेश से बड़ी मात्रा में अवैध हथियार व कारतूस लाकर पंजाब में आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को सप्लाई करते थे।
पटियाला के वरिष्ठ पुलिस कप्तान हरमंदीप सिंह हंस, आईपीएस ने प्रेस नोट के माध्यम से बताया कि यह कार्रवाई पंजाब पुलिस द्वारा गैंगस्टरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान “गैंगस्टरों ते वार” के तहत की गई। कार्रवाई डीजीपी पंजाब गौरव यादव, आईपीएस के दिशा-निर्देशों तथा डीआईजी पटियाला रेंज कुलदीप सिंह चहल, आईपीएस के निर्देशों पर सीआईए पटियाला की टीम ने की।
पुलिस के मुताबिक 6 सितंबर 2026 को सीआईए पटियाला की पुलिस पार्टी थाना पसियाना के क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि मनदीप सिंह उर्फ फौजी पुत्र सरबन सिंह निवासी गांव तलवंडी, थाना भदौड़, जिला बरनाला, जो SSB में नौकरी करता है, अपने साथी गुरदीप सिंह पुत्र ईश्वर सिंह उर्फ रेशम सिंह निवासी गांव जंगियाणा, थाना भदौड़, जिला बरनाला के साथ मिलकर मध्य प्रदेश से अवैध हथियार व कारतूस लाकर पंजाब में आपराधिक लोगों को सप्लाई करता है।
सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा नंबर 183, दिनांक 06.09.2026, धारा 25(7) आर्म्स एक्ट, थाना पसियाना में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने जांच के दौरान दोनों आरोपियों को पटियाला-संगरूर रोड पर गांव वजीदपुर के नजदीक से गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से 7 पिस्तौल तथा 25 कारतूस बरामद किए।
वर्दी पहनकर ट्रेन से करता था हथियारों की सप्लाई
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी मनदीप सिंह उर्फ फौजी SSB की 50वीं बटालियन, बलरामपुर (उत्तर प्रदेश) में तैनात है और पिछले करीब तीन वर्षों से नेपाल सीमा पर ड्यूटी कर रहा है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी है और इनके खिलाफ पहले भी हथियार अधिनियम, लूटपाट तथा लड़ाई-झगड़े से संबंधित मामले दर्ज रहे हैं।
पुलिस का दावा है कि मनदीप सिंह जेल में बंद अपराधियों तथा विदेश में बैठे आपराधिक तत्वों के संपर्क में था। वह मध्य प्रदेश के हथियार सप्लायरों से संपर्क कर अवैध हथियार व कारतूस खरीदता था और वर्दी पहनकर ट्रेन के माध्यम से मध्य प्रदेश से पंजाब पहुंचकर इन्हें आपराधिक तत्वों को महंगे दामों पर सप्लाई करता था।
पुलिस रिमांड लेकर होगी पूछताछ
पुलिस द्वारा गिरफ्तार दोनों आरोपियों से बरामद हथियारों के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है। दोनों आरोपियों को 7 सितंबर को माननीय अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा, जिसके बाद हथियार तस्करी के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में पूछताछ की जाएगी।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
1. मनदीप सिंह उर्फ फौजी
पुत्र सरबन सिंह, निवासी गांव तलवंडी, थाना भदौड़, जिला बरनाला।
उम्र: 33 वर्ष
शिक्षा: 10वीं पास
पेशा: SSB में नौकरी
2. गुरदीप सिंह
पुत्र ईश्वर सिंह उर्फ रेशम सिंह, निवासी गांव जंगियाणा, थाना भदौड़, जिला बरनाला।
उम्र: 31 वर्ष
शिक्षा: 10वीं पास
पेशा: मजदूरी
दर्ज मुकदमों का विवरण
पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ पहले भी विभिन्न धाराओं के तहत मामले दर्ज हैं, जिनमें थाना सदर मोरिंडा जिला रोपड़ तथा थाना सिटी रामपुरा जिला बठिंडा में दर्ज मामले शामिल हैं।
गिरफ्तारी: 06 सितंबर 2026, पटियाला-संगरूर रोड पर गांव वजीदपुर के नजदीक।
बरामदगी: 7 पिस्तौल और 25 कारतूस।
बरामद हथियार: 1 पिस्तौल .30 बोर और 6 पिस्तौल .32 बोर।
-patialapolice-interstatearmssmuggling-illegalweapons-punjabpolice-gangsterstevaar