पंजाब में नशा अकाली-भाजपा सरकार ने लाया, कैप्टन सरकार ने बढ़ाया, हम जड़ से उखाड़ रहे हैं: भगवंत मान
Sep19,2026
| Gautam Jalandhari | Ludhiana
पंजाब में नशा अकाली-भाजपा सरकार ने लाया, कैप्टन सरकार ने बढ़ाया, हम जड़ से उखाड़ रहे हैं: भगवंत मान
‘मिशन 2027’ के तहत लुधियाना से पैंफलेट जारी कर डोर-टू-डोर अभियान की शुरुआत
लुधियाना। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने ‘मिशन 2027’ के तहत लुधियाना से पैंफलेट जारी कर डोर-टू-डोर अभियान की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने पंजाब में नशे की समस्या को लेकर पिछली अकाली-भाजपा और कैप्टन सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब में नशा पिछली सरकारों के समय आया और बढ़ा, जबकि उनकी सरकार इसे जड़ से उखाड़ने के लिए काम कर रही है।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार के करीब चार साल के कार्यकाल में किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए सड़क सुरक्षा, बिजली, कृषि, पानी, रोजगार, शिक्षा और खेलों से जुड़े मुद्दों पर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।
सड़क सुरक्षा का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने सड़क हादसों का उल्लेख करते हुए कहा कि पंजाब में पहले बड़ी संख्या में लोग सड़क दुर्घटनाओं में अपनी जान गंवाते थे। उन्होंने सड़क सुरक्षा के लिए सरकार द्वारा किए गए प्रयासों का जिक्र किया और कहा कि इन प्रयासों से हादसों में होने वाली मौतों को कम करने में मदद मिली है।
किसानों को बिजली और पानी का मुद्दा
मान ने किसानों को खेती के लिए बिजली उपलब्ध कराने का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि तकनीकी खराबी की स्थिति में किसानों को बिजली कटौती की जानकारी दी जाती है और बाद में अतिरिक्त बिजली उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाती है।
उन्होंने पंजाब में भूजल स्तर में सुधार का दावा करते हुए गांवों तक पाइपलाइन के माध्यम से पानी पहुंचाने की बात भी कही।
रोजगार और सरकारी भर्तियों का उल्लेख
मुख्यमंत्री ने सरकारी नौकरियों का जिक्र करते हुए कहा कि बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार दिया गया है। उन्होंने दावा किया कि भर्तियों में पैसे या सिफारिश की जरूरत नहीं पड़ रही और युवाओं को योग्यता के आधार पर अवसर दिए जा रहे हैं।
सड़कों की गुणवत्ता पर निगरानी का दावा
मान ने नई बन रही सड़कों की गुणवत्ता की जांच का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण में इस्तेमाल सामग्री के नमूने लेकर उनकी जांच की जाती है और गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर ठेकेदारों के भुगतान पर कार्रवाई की जाती है।
खेल मैदानों और शिक्षा का जिक्र
मुख्यमंत्री ने गांवों में बनाए जा रहे खेल मैदानों का उल्लेख करते हुए कहा कि इनका लाभ अलग-अलग आयु वर्ग के लोगों को मिल रहा है।
उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में पंजाब की रैंकिंग में सुधार का दावा करते हुए कहा कि राज्य 27वें स्थान से पहले स्थान पर पहुंचा है।
पंजाब में एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का जिक्र
मान ने पंजाब में होने वाली हॉकी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक पंजाब में आयोजित होगा। मुख्यमंत्री ने लोगों से बच्चों के साथ मैच देखने पहुंचने की अपील की।
विपक्ष पर निशाना
मुख्यमंत्री ने भाजपा, कांग्रेस और अकाली दल पर राजनीतिक निशाना साधते हुए कहा कि विपक्षी दल सरकार की मुफ्त बिजली, आम आदमी क्लीनिक और अन्य योजनाओं को बंद करने की बातें कर रहे हैं।
उन्होंने किसान आंदोलन और कृषि कानूनों का भी उल्लेख करते हुए अकाली दल और भाजपा के बीच राजनीतिक संबंधों पर टिप्पणी की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मिशन 2027’ के तहत पार्टी का डोर-टू-डोर अभियान लोगों तक सरकार के काम और योजनाओं की जानकारी पहुंचाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।
-punjabpolitics-bhagwantmann-mission2027-ludhiananews-punjabnews