चंडीगढ़, 19 सितंबर। हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से विभिन्न सेवा गतिविधियों के जरिए समाज व आमजन के बीच पहुंचकर सेवा कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सभी नागरिकों को सेवा कार्यों में बढ़-चढक़र भाग लेना चाहिए।
बेदी का शनिवार को रोहतक के सिंचाई विश्राम गृह में सफाई कर्मचारियों व युवा वर्ग ने फूल मालाओं के साथ स्वागत किया। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए मंत्री ने नगर निगम, नगर परिषद एवं नगर पालिका के कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाते हुए आह्वान किया कि वे सेवा संकल्प अभियान के तहत पूरे मनोयोग से स्वच्छता अभियान को सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी विभागों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने स्वच्छता को जन-अभियान बनाने का संकल्प लिया है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की सोच भी स्वच्छ एवं स्वस्थ हरियाणा बनाने की है। ऐसे में रोहतक जिले के प्रत्येक नागरिक से अपील है कि वह सेवा पखवाड़े के दौरान स्वच्छता अभियान, एक पेड़ मां के नाम, रक्तदान शिविर सहित विभिन्न सेवा गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करें। मंत्री ने सभी कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों से सेवा संकल्प अभियान को जनभागीदारी का अभियान बनाने तथा स्वच्छता एवं अन्य सेवा कार्यों में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
मंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार नशे के खिलाफ प्रभावी अभियान चला रही है। नशा तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विशेष टास्क फोर्स का गठन किया गया है और संबंधित विभागों को आवश्यक अधिकार एवं जिम्मेदारियां दी गई हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों की एजेंसियों के समन्वय से भी नशे के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में नशे के विरुद्ध जन-जागरूकता एवं प्रशासनिक कार्रवाई दोनों स्तरों पर काम किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य नशे के तस्करों के नेटवर्क को प्रभावी रूप से रोकना और युवाओं को नशे से दूर रखना है।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली राज्य सरकार में कर्मचारियों के हित पूरी तरह से सुरक्षित है।इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष रणबीर ढाका, मेयर राम अवतार वाल्मीकि, व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।