अमृतसर, 14 अगस्त ( राहुल सोनी ) –
देश के राष्ट्रीय स्वतंत्रता दिवस को समर्पित 15 अगस्त को अमृतसर में जश्न-ए-आजादी पूरे उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इस संबंध में गुरु नानक स्टेडियम, अमृतसर में आयोजित किए जा रहे जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान राष्ट्रीय ध्वज फहराने की रस्म राज्य के कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा द्वारा अदा की जाएगी। स्वतंत्रता दिवस समारोह संबंधी जानकारी देते हुए डिप्टी कमिश्नर दलविंदरजीत सिंह ने बताया कि अमृतसर स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि गुरु नानक स्टेडियम, अमृतसर में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा सुबह ठीक 9 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। इसके उपरांत मुख्य अतिथि द्वारा परेड का निरीक्षण किया जाएगा तथा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर संबोधन दिया जाएगा। समारोह में पंजाब पुलिस, पंजाब महिला प्लाटून, पंजाब होम गार्ड, एन.सी.सी. कैडेट्स तथा पंजाब पुलिस बैंड के साथ-साथ स्कूल बैंड की टीमों द्वारा शानदार मार्च पास्ट किया जाएगा। समारोह की रौनक बढ़ाने के लिए स्कूली विद्यार्थियों द्वारा शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले व्यक्तियों को विशेष रूप से सम्मानित भी किया जाएगा।