लुधियाना केंद्रीय जेल में अचानक चेकिंग, तीन हवालातियों से 04 मोबाइल और लावारिस हालत में 48 जर्दे की पुड़ियां बरामद
तीन हवालातियों और अज्ञात पर Prison Act के तहत FIR, प्रोडक्शन वारंट पर लाकर होगी पूछताछ
लुधियाना 14 अगस्त (पारस दानिया): केंद्रीय जेल लुधियाना में अचानक हुई चेकिंग के दौरान हवालातियों से 4 मोबाइल फोन और प्रतिबंधित सामान बरामद होने का मामला सामने आया है। जेल प्रशासन की शिकायत पर पुलिस ने 3 हवालातियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
जेल से बरामदगी की जानकारी
सहायक सुप्रिडेंट केंद्रीय जेल बलिहार सिंह ने पत्र संख्या 3612 दिनांक 04.08.2026 के जरिए पुलिस को सूचना दी कि जेल के अंदर अचानक चेकिंग के दौरान 04 कीपैड मोबाइल फोन मार्का कचोडा और 48 जर्दे की पुड़ियां बरामद की गईं। आरोपियों ने ऐसा कर जेल नियमों का उल्लंघन किया है।
मामले की जांच कर रहे पुलिस चौंकी ताजपुर में तैनात ASI गुरदयाल सिंह ने बताया कि इस संबंध में थाना डिवीजन नंबर-7 में FIR नंबर 200, धारा 42, 45, 52-A Prison Act के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले में 3 हवालातियों पर कार्रवाई की गई है। जिनकी पहचान हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी, पुत्र हरनेक सिंह, अमृतपाल सिंह उर्फ अमृत, पुत्र केवल सिंह और गुरप्रीत सिंह, पुत्र जगजीत सिंह तीनों केंद्रीय जेल लुधियाना में बंद हैं। इसके अलावा कुछ अज्ञात लोगों को भी नामजद किया गया है।
आगे की कार्रवाई
ASI गुरदयाल सिंह ने बताया कि बरामद किए गए 4 मोबाइल फोन तीनों हवालातियों के बताए जा रहे हैं। वहीं जर्दे की पुड़ियां जेल में लावारिस हालत में मिली थीं। आगे की पूछताछ के लिए तीनों हवालातियों को कोर्ट से प्रोडक्शन वारंट पर लाया जाएगा और पूछताछ की जाएगी कि आरोपियों तक वर्जित सामग्री किसके सहयोग से पहुंची।