पीएम मोदी ने गाली देने वाले युवाओं को किया माफ, कहा— 'सज़ा नहीं, सही राह दिखाने की ज़रूरत'
Aug1,2026
| Jagrati Lahar Bureau | New Delhi
नई दिल्ली, 1 अगस्त। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जंतर-मंतर पर कथित तौर पर उनके और उनकी दिवंगत माता के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने वाले युवाओं को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि ऐसे युवाओं को सज़ा देकर या अदालतों के चक्कर कटवाकर समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि उन्हें सही मार्ग दिखाने की आवश्यकता है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश ने देखा कि कुछ भटके हुए युवाओं ने ऐसी भाषा का प्रयोग किया जो किसी सभ्य समाज में स्वीकार्य नहीं हो सकती। इसके बावजूद उन्होंने स्पष्ट किया कि वे उन युवाओं को माफ करना चाहते हैं और समाज से भी अपील की कि उन्हें अपनाकर सही दिशा दिखाए।
उन्होंने कहा, "गलतियां युवावस्था में हो जाती हैं। युवाओं को सुधारने का अवसर मिलना चाहिए। गालियां किसी समस्या का समाधान नहीं हैं। हमें भटके हुए बच्चों का हाथ पकड़कर उन्हें राष्ट्र निर्माण की राह पर ले जाना चाहिए।"
यह बयान उस विवाद के बाद आया है, जब जंतर-मंतर पर कथित पेपर लीक विरोध प्रदर्शन के दौरान एक युवती द्वारा प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने का वीडियो सामने आया था। इस मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज की थी, जिसके बाद राजनीतिक बहस भी तेज हो गई।
प्रधानमंत्री के इस बयान को राजनीतिक गलियारों में संयम, संवाद और युवाओं के प्रति सकारात्मक संदेश के रूप में देखा जा रहा है। विपक्षी दलों और विभिन्न संगठनों की ओर से इस पूरे प्रकरण पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
Pm-Narendr-Modi-Forgive-Youth-Youth-For-Abuse-