चंडीगढ़, 31 जुलाई: पंजाब भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कनाडा सरकार द्वारा पोस्ट-ग्रेजुएशन वर्क परमिट से संबंधित नियमों में हाल ही में किए गए बदलावों पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इसके कारण सैकड़ों भारतीय छात्र, जिनमें बड़ी संख्या पंजाब से संबंधित है, अनिश्चितता और मानसिक परेशानी का सामना कर रहे हैं।
एक बयान जारी करते हुए सुनील जाखड़ ने कहा कि इन छात्रों ने कनाडा के कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में उस समय प्रवेश लिया था, जब पोस्ट-ग्रेजुएशन वर्क परमिट से जुड़े नियम अलग थे। छात्रों और उनके परिवारों ने उसी नीति को ध्यान में रखते हुए अपने भविष्य, समय और लाखों रुपये का निवेश किया था। अब अचानक नियमों में बदलाव कर दिए जाने से इन छात्रों के करियर और भविष्य पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
उन्होंने कहा कि नीतिगत बदलाव करना हर देश का अधिकार है, लेकिन ऐसे फैसलों का प्रभाव उन छात्रों पर नहीं पड़ना चाहिए, जिन्होंने पहले से लागू नियमों के आधार पर प्रवेश लिया था। ऐसे छात्रों के लिए उचित राहत या संक्रमणकालीन व्यवस्था की जानी चाहिए, ताकि उनके भविष्य के साथ अन्याय न हो।
सुनील जाखड़ ने भारत सरकार के विदेश मंत्रालय से अपील की कि वह इस मामले को तुरंत कनाडा सरकार के समक्ष उठाए और दोनों देशों के बीच कूटनीतिक स्तर पर समन्वय स्थापित कर ऐसा समाधान निकाला जाए, जिससे प्रभावित भारतीय छात्रों के वैध हितों की रक्षा की जा सके।
Canada-Should-Reconsider-Changes-To-Post-graduation-Work-Permit-Rules-Sunil-Jakhar
Jagrati Lahar is an English, Hindi and Punjabi language news paper as well as web portal. Since its launch, Jagrati Lahar has created a niche for itself for true and fast reporting among its readers in India.
Gautam Jalandhari (Editor)