*अग्निवीर योजना के खिलाफ़ कांग्रेस पार्टी के पूर्व सैनिक विभाग द्वारा आंदोलन और पदयात्रा की पंजाब में शुरुआत*
Jul4,2026
| Jagrati Lahar Bureau | Chandigarh
तरणतारण जिले में पूर्व सैनिक विभाग – कांग्रेस पार्टी के बैनर तले अग्निवीर (अग्निपथ) योजना के खिलाफ़ जन आंदोलन एवं पदयात्रा का शुभारंभ किया गया। इस दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा संसद में ऑपरेशन सिंदूर के शहीदों के संबंध में दिए गए बयान पर सवाल उठाए गए तथा रक्षा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया।
इस अवसर पर कोट दाता गांव में एक सभा का आयोजन किया गया, जिसके मुख्य अतिथि पूर्व सैनिक विभाग, कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष कर्नल रोहित चौधरी थे। सभा के पश्चात लगभग 20 किलोमीटर की पदयात्रा निकाली गई। यह यात्रा लगभग एक महीने तक चलेगी, जिसका नेतृत्व पूर्व सैनिक विभाग, कांग्रेस पार्टी के जिला अध्यक्ष गुरजीत सिंह संधू करेंगे।
इस अभियान के अगले चरण में पंजाब के विभिन्न जिलों में भी अग्निवीर योजना के विरोध में जन आंदोलन और पदयात्राएं आयोजित की जाएंगी, ताकि युवाओं और पूर्व सैनिकों की आवाज़ को व्यापक स्तर पर उठाया जा सके।
सभा को संबोधित करते हुए कर्नल रोहित चौधरी ने कहा कि मोदी सरकार ने पंजाब सहित देश के युवाओं की देशभक्ति पर आघात किया है। उन्होंने कहा कि आज पंजाब का युवा नशे की चपेट में है, जिसके लिए राज्य की आम आदमी पार्टी सरकार और केंद्र की मोदी सरकार जिम्मेदार हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को उनकी फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) नहीं मिल रहा है तथा पंजाब में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। रंगदारी और गुंडागर्दी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।
उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी अपने वादे के अनुसार अग्निपथ योजना को समाप्त करने तथा पूर्व सैनिकों की विभिन्न मांगों को पूरा कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब में कांग्रेस की सरकार बनने पर नशे पर प्रभावी रोक लगाने और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।
Agniveer-Scheme-Ex-servicemen-Department-Congress-Party