जिला अध्यक्ष रजनीश धीमान के निर्देशानुसार हल्का पूर्वी में पड़ते काकोवल बिजली घर के बाहर पंजाब प्रदेश उपाध्यक्ष श्री जतिंदर मित्तल के नेतृत्व में अघोषित बिजली कटो के तहत पंजाब सरकार के विरुद्ध जोरदार धरना प्रदर्शन किया गया।इस मौके जतिंद्र मित्तल ने कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार बिजली व्यवस्था को संभालने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। भीषण गर्मी के दौर में शहरों और गांवों में घंटों अघोषित बिजली कट लगाए जा रहे हैं, जिससे आम जनता का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। मित्तल ने कहा कि सरकार ने लोगों को निर्बाध बिजली आपूर्ति देने का वादा किया था, लेकिन आज स्थिति यह है कि लोग दिन-रात बिजली के लिए परेशान हो रहे हैं। वही पंजाब के किसान इस समय सबसे बड़े संकट से गुजर रहे हैं। धान की फसल को पानी की सबसे अधिक आवश्यकता के समय न तो पर्याप्त नहरी पानी उपलब्ध कराया जा रहा है और न ही किसानों को निर्धारित समय तक बिजली मिल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को कई स्थानों पर मुश्किल से एक-दो घंटे बिजली मिल रही है, जिसके कारण खेतों में धान की फसल सूखने लगी है और कई किसान मजबूरी में अपनी फसल पर हल चलाने को विवश हो गए हैं।मित्तल ने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों में राज्य सरकार ने बिजली उत्पादन बढ़ाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया। नई बिजली उत्पादन इकाइयों की स्थापना नहीं होने के कारण आज पंजाब गंभीर बिजली संकट का सामना कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता की मूलभूत समस्याओं को हल करने के बजाय केवल प्रचार और दिखावे की राजनीति में व्यस्त है। उन्होंने कहा कि किसान, मजदूर, व्यापारी, कर्मचारी और आम नागरिक सहित समाज का हर वर्ग सरकार की नीतियों से निराश है। प्रदेश में विकास कार्य प्रभावित हो चुके हैं और जनता को बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। मित्तल ने आप सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि बिजली आपूर्ति व्यवस्था में तत्काल सुधार नहीं किया गया तो पार्टी पूरे प्रदेश में बड़ा जन आंदोलन शुरू करेगी।इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष महिला मोर्चा लीना टपारिया,जिला उपाध्यक्ष नवल जैन,राज किशोर लक्की, प्रवक्ता वरिंदर सहगल,रोमी मल्होत्रा, रवि चौरसिया,अनिल मित्तल,मण्डल महामंत्री वरिंदर पाल विक्की राणा, आशीष बजाज,सनी सहगल, परवीन,हरीश जैन,केशव विजय आदि उपस्थित थे