वार्ड-94 में विकास पर मंथन, विधायक बग्गा बोले—जनता के सुझावों से तय होगी आगे की दिशा
लुधियाना, 31 मार्च (शिव पंजाबी) भगवंत मान सरकार के चार वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में उतरी हल्का के वार्ड नंबर 94 के इलाके शहीद भगत सिंह नगर में जन-संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पार्षद अमन बग्गा ने की, जबकि विधायक चौ. मदन लाल बग्गा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
जन-संवाद के दौरान विधायक बग्गा ने मंच से सीधे नागरिकों के बीच बैठकर सरकार की चार वर्ष की कार्यप्रणाली पर फीडबैक लिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन कार्यक्रमों का उद्देश्य सरकारी उपलब्धियों का बखान करना नहीं, बल्कि आमजन से यह जानना है कि जमीनी स्तर पर योजनाओं का कितना लाभ पहुंचा है और किन क्षेत्रों में सुधार की आवश्यकता है।
विधायक बग्गा ने वार्ड-94 में हुए विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए भविष्य में कराए जाने वाले विकास कार्यों की प्राथमिकता सूची भी तैयार करवाई। उन्होंने कहा कि Bhagwant Mann के नेतृत्व में Aam Aadmi Party सरकार जनहित को सर्वोपरि रखते हुए कार्य कर रही है और प्रदेशवासियों को घर बैठे बिना किसी परेशानी के मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए वचनबद्ध है।
उन्होंने कहा कि जनता ही सरकार की असली ताकत है और जन-संवाद के माध्यम से प्राप्त सुझावों को नीति निर्माण में प्राथमिकता दी जाएगी।
इस अवसर पर आम आदमी पार्टी के जिला, ब्लॉक, वार्ड एवं बूथ स्तर के वालंटियरों सहित बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का वातावरण संवादात्मक एवं सकारात्मक रहा, जिसमें नागरिकों ने खुलकर अपनी राय रखी।