मामला - आटो सवार ज्वैलरी शॉप कर्मचारी से गहनों की चोरी का
पुलिस ने गहने चुराकर फ़रार आटो चालक व उसके साथी को पकड़ा, कब्जे से सोने के गहने, मोबाइल फोन और ऑटो बरामद
लुधियाना 8 मार्च (पारस दानिया)। जिला पुलिस ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए गए अभियान के अंतर्गत दो आरोपियों को काबू किया है। उक्त आरोपियों में एक आटो चालक और दूसरा उसका साथी है। दोनों ने गत दिन पहले अपरा से लुधियाना के सराफा बाजार आए ज्वैलरी शॉप के कर्मचारी से सोने के गहने चोरी किए थे और उसे धक्के से आटो में से उतारकर फरार हो गए थे। इस संबंध में ज्वैलर शाप के संचालक की शिकायत के बाद थाना सलेम टाबरी में पुलिस ने मामला दर्ज किया था। इसी मामले में पुलिस ने सफलता हासिल की।
मामले के संबंध में जानकारी देते हुए आज एडीसीपी -1
समीर वर्मा और एसीपी नार्थ किकर सिंह भुल्लर ने बताया कि थाना सलेम टाबरी के एसएचओ इंस्पेक्टर हर्षवीर सिंह संधू के नेतृत्व में पुलिस पार्टी ने गहनों की चोरी केस में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 06 मार्च को कालरा ज्वैलर शाप के मालिक विनोद कालरा पुत्र जगदीश लाल कालरा, गांव अप्परा, तहसील फिल्लौर, जिला जालंधर के बयान पर, लुधियाना के सलेम टाबरी पुलिस स्टेशन में केस नंबर 40, अंडर सेक्शन 303(2) BNS दर्ज किया गया। शिकायतकर्ता के बयान के अनुसार, उसका कर्मचारी आमिर गायन सोने के गहने तैयार करवाकर ऑटो में आ रहा था, तभी ऑटो में बैठे कुछ लोगों ने उससे सोने के गहने चोरी कर लिए।
इस बारे में, आमिर गायन और विनोद कालरा ने CCTV फुटेज की जांच की तो ऑटो का नंबर PB10 JK 7097 सामने आया। जांच के दौरान, ऑटो ड्राइवर की पहचान परमजीत सिंह उर्फ प्रीत पुत्र सुखदेव सिंह, मोहल्ला सिटी गार्डन, ग्यासपुरा रोड़ और ऑटो में बैठे व्यक्ति की पहचान पलविंदर सिंह उर्फ तेजू, पुत्र अवतार सिंह, मोहल्ला ढिल्लों नगर, लुहारा रोड़ के रूप में हुई। इस मामले में कार्रवाई करते हुए एएसआई प्रेम चंद ने 7 मार्च को समेत पुलिस पार्टी के दोनों को जालंधर बाईपास के पास उक्त नंबर के ऑटो समेत पकड़ा और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान, आरोपियों से अलग-अलग कंपनियों के 08 मोबाइल फोन, एक सोने की लेडीस अंगूठी 4.130 mg. और एक जोड़ी सोने की बालियां 1.83 mg. बरामद की गईं। इसके अलावा आरोपियों द्वारा वारदात के समय इस्तेमाल किया ऑटो नंबर (PB10 JK 7097) मार्का बजाज बैक्सी रंग हरा-पीला भी कब्जे में ले लिया गया।
इस मामले में आगे जांच के चलते केस में सेक्शन 3(5), 317(2) BNS जोड़ा गया है। आरोपियों के खिलाफ पहले से ही अलग-अलग पुलिस थानों में केस दर्ज हैं। दोनों आरोपियों को 08 मार्च को माननीय कोर्ट में पेश करके पुलिस रिमांड लिया जाएगा।