मौजूदा आप सरकार केंद्र सरकार का धन्यवाद करना भी भूल गई – बलियावाल
पंजाब में गेहूं का सीजन शुरू हो चुका है। इसको ध्यान में रखते हुए केंद्र की मोदी सरकार ने किसानों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता निभाते हुए पंजाब में गेहूं की फसल को एमएसपी ₹2585 प्रति क्विंटल के हिसाब से खरीदने के लिए ₹30,973 करोड़ की CCL लिमिट जारी की है। इसके लिए भाजपा पंजाब केंद्र सरकार का हार्दिक धन्यवाद करती है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए भाजपा पंजाब के प्रवक्ता प्रितपाल सिंह बलियावाल ने कहा कि केंद्र सरकार की यह पहल किसानों की मेहनत का सम्मान है और उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
बलियावाल ने पंजाब की मौजूदा AAP सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह एक निकम्मी सरकार है, जो इस अच्छे कार्य के लिए केंद्र सरकार का धन्यवाद करना भी भूल चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सरकार केंद्र की मोदी सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों पर पर्दा डालने और सच्चाई को छिपाने का काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि पिछले 11 वर्षों से पंजाब के किसानों की खुशहाली के लिए मोदी सरकार द्वारा यह लिमिट हमेशा समय पर जारी की जाती रही है, जबकि पिछले 4 वर्षों में AAP सरकार ने इस दिशा में कभी कोई ठोस प्रयास नहीं किया।
बलियावाल ने कहा कि पंजाब सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि मंडियों में किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो और उनकी फसल का एक-एक दाना निर्धारित नियमों के अनुसार खरीदा जाए। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार हमेशा किसान हितैषी फैसले लेती आई है और यह निर्णय भी उसी कड़ी का हिस्सा है। पंजाब के किसानों के लिए केंद्र की मोदी सरकार और भाजपा पंजाब हमेशा प्रयासरत रहेगी।